#प्रदेश

बिल्डर्स और जनप्रतिनिधि मिलकर लें संकल्प, तो रायपुर बनेगा देश के सबसे सुंदर और स्वच्छ शहरों में शामिल : राजेश मूणत

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी के बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार शाम क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो 2026 का भव्य आगाज हुआ। तीन दिवसीय इस एक्सपो में छत्तीसगढ़ के करीब 50 बिल्डर अपने 250 से अधिक प्रोजेक्ट्स के साथ शामिल हुए हैं। 20 सितंबर तक चलने वाले इस प्रॉपर्टी फेयर में फ्लैट, बंगला, मकान, विला, प्लॉट और कमर्शियल स्पेस समेत प्रॉपर्टी के अलग-अलग विकल्प उपलब्ध हैं।

एक्सपो में प्रॉपर्टी खरीदने वाले ग्राहकों को रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी तक की छूट का लाभ मिल रहा है। पहले ही दिन अलग-अलग सेगमेंट में लोगों ने बड़ी संख्या में बुकिंग कराई।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

एक्सपो की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उद्घाटन समारोह में पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेश मूणत मुख्य अतिथि रहे, जबकि विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। क्रेडाई पदाधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

क्रेडाई के स्वागत भाषण में पंकज लाहोटी ने बताया कि यह एक्सपो का सातवां संस्करण है। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिनों में प्रयास रहेगा कि यह आयोजन सिर्फ प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को बेहतर भविष्य और अपने सपनों के आशियाने से जुड़ने का अवसर भी दे।

‘बिल्डरों का काम खत्म, वहां से नगर निगम की जिम्मेदारी शुरू’

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना घर हो और बिल्डर इस सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घर की चारदीवारी के भीतर की सुविधाएं बिल्डर उपलब्ध कराते हैं, जबकि उसके बाहर की मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर निगम की है।

महापौर ने कहा कि रायपुर नगर निगम में बिल्डरों को अप्रूवल जल्द देने का प्रयास किया जाता है। किसी तरह की परेशानी आने पर निगम बिल्डरों को आमंत्रित कर उसका समाधान करने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि विकसित रायपुर के निर्माण के लिए नगर निगम बिल्डरों को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।

राजेश मूणत बोले- शहर का विस्तार होगा, सुविधाओं पर भी करना होगा काम

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर लगातार विस्तार कर रहा है। शहर के मध्य क्षेत्र में बढ़ती आबादी और कंजेशन के कारण अब खम्हारडीह, दलदल सिवनी, आमासिवनी और कचना जैसे इलाकों में बड़े पैमाने पर नए प्रोजेक्ट विकसित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पहले रायपुर में फ्लैट और कॉम्प्लेक्स का चलन काफी सीमित था, लेकिन आज शहर के चारों ओर मल्टीस्टोरी प्रोजेक्ट और आवासीय कॉम्प्लेक्स दिखाई दे रहे हैं। आने वाले समय में रायपुर में विकास की और संभावनाएं हैं, लेकिन इसके साथ ट्रैफिक, पेयजल और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं पर भी काम करने की जरूरत होगी।

मूणत ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और बिल्डर मिलकर शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने का संकल्प लें, तो रायपुर को और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अधिकांश बिल्डर स्थानीय हैं और उन्होंने शहर को करीब से समझा है। उन्होंने रायपुर को ‘शांति का टापू’ बताते हुए क्रेडाई टीम को एक्सपो के आयोजन के लिए बधाई दी।

रेरा और बैंक स्टॉल पर भी उमड़ी भीड़

एक्सपो में प्रॉपर्टी खरीदने पहुंचे लोगों की दिलचस्पी सिर्फ बिल्डरों के स्टॉल तक सीमित नहीं रही। रेरा और विभिन्न बैंकों के स्टॉल पर भी बड़ी संख्या में लोग जानकारी लेते नजर आए। ग्राहकों ने रेरा के स्टॉल पर प्रॉपर्टी से जुड़े वैधानिक पहलुओं की जानकारी ली, जबकि बैंकों के स्टॉल पर होम लोन और फाइनेंस संबंधी जानकारी प्राप्त की।

क्रेडाई के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पंकज लाहोटी, चेयरमैन मृणाल गोलछा, सचिव अभिषेक बछावत, आईपीपी संजय रहेजा, कोषाध्यक्ष आयुष मोदी, प्रोग्राम चेयरमैन अशोक मूंदड़ा, प्रतीक केवलानी, नवनीत अग्रवाल समेत क्रेडाई के कई वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सचिव अभिषेक बछावत ने आभार व्यक्त किया।