कांग्रेस ने अमित जोगी, वृहस्पति समेत 2 दर्जन नेताओं के आवेदन नहीं किए खारिज, अगली बैठक में फिर होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में पार्टी से निष्कासित नेताओं की वापसी को लेकर शुक्रवार को अहम बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में राजीव भवन में हुई प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक में विधानसभा और नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में की गई कार्रवाई तथा पार्टी में दोबारा प्रवेश के लिए मिले आवेदनों पर चर्चा की गई।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में वापसी के लिए प्राप्त 36 आवेदनों पर समिति ने विचार किया। इनमें से करीब 10 आवेदन निरस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, रेणु जोगी, अमित जोगी और वृहस्पति सिंह समेत दो दर्जन से अधिक नेताओं के आवेदन फिलहाल निरस्त नहीं किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि इन आवेदनों को अनुशासन समिति की अगली बैठक में दोबारा चर्चा के लिए रखा जाएगा। सूत्रों के अनुसार, अगली बैठक में कई नेताओं की पार्टी में वापसी की अनुशंसा किए जाने की संभावना है। हालांकि, इन फैसलों को लेकर कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक सूची या विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।
दीपक बैज की मौजूदगी में हुई बैठक
कांग्रेस के अधिकृत सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की उपस्थिति में अनुशासन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेन्द्र साहू, प्रभारी सचिव एस. संपत, जरिता लैतफलांग और विजय जांगिड वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
इसके अलावा प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, धनेश पाटिला, प्रतिमा चंद्राकर, रवि घोष, जेपी श्रीवास्तव, दीपक मिश्रा और नरेश ठाकुर भी बैठक में मौजूद रहे।
चुनाव के दौरान हुई कार्रवाई पर भी चर्चा
कांग्रेस संचार विभाग के प्रदेश चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में विधानसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनाव के दौरान की गई अनुशासनात्मक कार्रवाइयों के साथ ही कांग्रेस में प्रवेश के लिए प्राप्त आवेदनों पर भी चर्चा की गई।
फिलहाल पार्टी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन नेताओं के आवेदन खारिज किए गए हैं और किन नेताओं की वापसी पर अगली बैठक में विचार होगा। ऐसे में अब सबकी नजर अनुशासन समिति की अगली बैठक और उसमें लिए जाने वाले फैसलों पर है।





