Dhamtari Elephant Alert: केरेगांव रेंज में दंतैल हाथी की दस्तक, 10 किमी दायरे के गांवों में हाई अलर्ट; वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

धमतरी। जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में दंतैल हाथी की मौजूदगी से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास विचरण कर रहा है। लोकेशन मिलने के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने की आशंका
वन विभाग के अनुसार दंतैल हाथी के जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी-केरेगांव रेंज की ओर बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा सहित आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।इसके अलावा बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों के ग्रामीणों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मुनादी कराकर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है। पीपरछेड़ी, कमारपारा समेत प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और न ही उसे किसी तरह परेशान करें। हाथी की मौजूदगी की जानकारी तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी या वन विभाग की टीम को देने की अपील की गई है।
गरियाबंद की ओर से पहुंचा दंतैल
बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है।
वन विभाग की टीम हाथी की लगातार ट्रैकिंग कर रही है और उसकी गतिविधियों के आधार पर आसपास के ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।




