Education News: कलिंगा यूनिवर्सिटी और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के बीच हुआ एमओयू, 5 साल तक मिलकर करेंगे शोध और प्रशिक्षण

रायपुर। शिक्षा, शोध और पत्रकारिता के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में कलिंगा यूनिवर्सिटी और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच 18 सितंबर को एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान अगले पांच वर्षों तक शोध, शिक्षण, प्रशिक्षण और विभिन्न संयुक्त परियोजनाओं पर मिलकर काम करेंगे।
शोध से लेकर प्रशिक्षण तक होगा सहयोग
एमओयू के माध्यम से दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, शोध कार्यों में सहयोग करने और विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण एवं अन्य अवसर विकसित करने की दिशा में संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न परियोजनाओं पर भी दोनों संस्थान मिलकर काम करेंगे।
कुलपति और कुलसचिव ने किए हस्ताक्षर
एमओयू पर कलिंगा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डॉ. आर. श्रीधर और कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी तथा कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल और कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने हस्ताक्षर किए।
इस पहल को आगे बढ़ाने में कलिंगा यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश वैष्णव और पत्रकारिता विश्वविद्यालय के मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यार्थियों को मिलेंगे नए अवसर
इस दौरान उपस्थित प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को एमओयू के तहत भविष्य में होने वाली गतिविधियों और मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों संस्थानों के बीच सहयोग से विद्यार्थियों को अकादमिक, शोध और प्रशिक्षण से जुड़े नए अनुभव प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के अंत में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. शाहिद अली, डॉ. राजेंद्र मोहंती, डॉ. नृपेंद्र शर्मा, डॉ. पंकज नयन पांडेय, डॉ. शैलेंद्र खंडेलवाल सहित मैनेजमेंट विभाग के नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।





