#प्रदेश

EECON 2026: 300 ड्रोन के शानदार शो और अवॉर्ड नाइट के साथ ईमैक के दो दिवसीय कॉन्क्लेव का भव्य समापन

Advertisement Carousel

 

रायपुर। इवेंट और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कॉन्क्लेव ‘ईकॉन 2026’ का शनिवार को भव्य समापन हुआ। रायपुर के द वाहे-बैंक्वेट एंड रिसॉर्ट्स में आयोजित इस आयोजन के दूसरे दिन दिनभर इंडस्ट्री से जुड़े विषयों पर मंथन हुआ। शाम को हुए 300 ड्रोन के शानदार शो ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। इसके बाद भव्य अवॉर्ड नाइट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कॉन्क्लेव का समापन हुआ।

साउंड हीलिंग से शुरू हुआ दूसरे दिन का कार्यक्रम

कॉन्क्लेव के दूसरे दिन 19 सितंबर की शुरुआत सुबह 6:30 बजे साउंड हीलिंग सेशन और नेटवर्किंग के साथ हुई। इसके बाद इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न तकनीकी और वैचारिक सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रायोजकों को भी सम्मानित किया गया।

दोपहर के सत्र में ‘छत्तीसगढ़ शासन के वृहद आयोजनों’ पर विशेष केस स्टडी प्रस्तुत की गई। इसमें राज्य में आयोजित बड़े आयोजनों के प्रबंधन, उनकी सफलता और स्थानीय स्तर पर भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

300 ड्रोन ने आसमान में रचा शानदार नजारा

शाम को कॉन्क्लेव के मुख्य लॉन में 300 ड्रोन का भव्य शो आयोजित किया गया। आसमान में एक साथ उड़ते ड्रोन से बनी आकृतियों और रोशनी ने आयोजन में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

ड्रोन शो के बाद ईमा और ईमैक के प्रतिनिधियों के बीच उद्योग के भविष्य और विकास को लेकर राउंड टेबल बैठक हुई। इसमें ईमा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक चौधरी, ईमैक अध्यक्ष नवल तिवारी, ईमा महासचिव विनोद जनार्दन, कोषाध्यक्ष विपुल अग्रवाल, वेस्ट जोन उपाध्यक्ष हर्षल कोठारी सहित अन्य पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य शामिल हुए।

ईमा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक चौधरी ने दिया कीनोट

मुख्य सभागार में आयोजित समापन सत्र में ईमैक अध्यक्ष नवल तिवारी ने स्वागत उद्बोधन दिया। इसके बाद ईमा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक चौधरी ने मुख्य वक्तव्य यानी कीनोट प्रस्तुत किया। उन्होंने इवेंट इंडस्ट्री के बदलते स्वरूप, भविष्य की संभावनाओं और छत्तीसगढ़ में इस क्षेत्र के विस्तार से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।

चार सिग्नेचर अवॉर्ड से सम्मान

कॉन्क्लेव के दौरान इवेंट इंडस्ट्री में उल्लेखनीय योगदान के लिए चार ‘ईमैक सिग्नेचर अवॉर्ड’ प्रदान किए गए। समापन सत्र के अंत में ईमैक बिलासपुर चैप्टर के संयोजक शिवम शुक्ला ने आभार व्यक्त किया।

दो दिनों तक चले ईकॉन 2026 का समापन भव्य ‘अवॉर्ड नाइट-3’ और मुख्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। आयोजन में प्रदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर से जुड़े इवेंट और एंटरटेनमेंट क्षेत्र के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही।