Durg News: अवैध गुटखा फैक्ट्री पर CGST का छापा, 2 मशीन और 30 बोरा गुटखा जब्त; दो जगह कार्रवाई

दुर्ग। दुर्ग जिले में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कुम्हारी के स्टेशन चौक स्थित एक फैक्ट्री में दबिश देकर टीम ने नकली गुटखा बनाने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा अवैध गुटखा जब्त किया है। कार्रवाई के बाद जब्त सामान को रायपुर ले जाया गया है।
तीन गाड़ियों में पहुंची टीम, फैक्ट्री में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जीएसटी की टीम तीन गाड़ियों में कुम्हारी पहुंची और स्टेशन चौक स्थित संदिग्ध फैक्ट्री में छापा मारा। जांच के दौरान टीम को नकली गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और बड़ी मात्रा में तैयार माल मिला। अधिकारियों ने मौके से मशीनों और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि कुम्हारी के अलावा नगपुरा इलाके में भी जीएसटी टीम ने एक अन्य फैक्ट्री में कार्रवाई की है।

दो महीने पहले भी हुई थी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, कुम्हारी की रजत सेल्स नामक फैक्ट्री पर करीब दो महीने पहले भी जीएसटी टीम ने कार्रवाई की थी। उस दौरान टीम ने नकली गुटखा और विभिन्न ब्रांडों के पैकेट जब्त किए थे। जांच के दौरान कारोबार से जुड़े कुछ दस्तावेज भी टीम के हाथ लगे थे।
इसके बाद से ही जीएसटी विभाग की नजर नकली गुटखा कारोबार और कथित तौर पर टैक्स संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों पर बनी हुई थी। इसी क्रम में स्टेशन रोड स्थित नए ठिकाने पर छापेमारी की गई।
फिलहाल सेंट्रल जीएसटी की टीम जब्त सामग्री और दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।





