#प्रदेश

RAMP योजना के तहत अधिकारियों के लिए दो दिवसीय AI प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

Advertisement Carousel

 

रायपुर। RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के तहत अधिकारियों के लिए “दैनिक शासकीय कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग” विषय पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन 19 और 20 सितंबर 2026 को किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों को AI की उपयोगिता से परिचित कराना और रोजमर्रा के सरकारी कामकाज में इसका व्यावहारिक उपयोग समझाना रहा।

कार्यशाला का उद्घाटन संजय गजघाटे, अतिरिक्त संचालक, उद्योग संचालनालय तथा प्रो. (डॉ.) ओम प्रकाश व्यास, निदेशक, IIIT नवा रायपुर द्वारा किया गया। यह प्रशिक्षण RAMP परियोजना के अंतर्गत AI Centre of Excellence, IIIT-NR के सहयोग से आयोजित किया गया।

दो दिनों की कार्यशाला में अधिकारियों को AI के विभिन्न उपयोगों के बारे में आसान और व्यावहारिक तरीके से जानकारी दी गई। इसमें सरकारी कामकाज में AI की भूमिका, रोजमर्रा के आधिकारिक कार्यों के लिए AI टूल्स का उपयोग, AI की मदद से कंटेंट तैयार करना और आधिकारिक संचार को बेहतर बनाना जैसे विषय शामिल रहे।

इसके साथ ही डेटा एनालिसिस और निर्णय लेने में AI की मदद, AI के जिम्मेदार और नैतिक उपयोग तथा इससे जुड़े जरूरी सावधानियों पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस और लाइव डेमो के माध्यम से AI टूल्स का इस्तेमाल भी कराया गया।

दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्रों का संचालन लोकेन्द्र सिरिया और रविन्द्र सिंह ने किया। दोनों प्रशिक्षकों ने अधिकारियों को AI के अलग-अलग टूल्स और उनके व्यावहारिक इस्तेमाल को उदाहरणों के साथ समझाया, ताकि अधिकारी इन्हें अपने नियमित कार्यालयीन कार्यों में आसानी से अपना सकें।

कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि AI अधिकारियों के काम को आसान और अधिक प्रभावी बनाने में एक उपयोगी सहायक साबित हो सकता है। सही तरीके से AI का उपयोग कर समय की बचत, बेहतर कंटेंट तैयार करने, डेटा को समझने और कार्यों को अधिक व्यवस्थित तरीके से पूरा करने में मदद मिल सकती है।

RAMP योजना के तहत आयोजित यह प्रशिक्षण अधिकारियों की डिजिटल क्षमता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।