#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश के आसार; डिप्रेशन से बढ़ेगी मानसून की सक्रियता

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसम तंत्र प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है।

अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य के आसपास रही है। बारिश में सामान्य से करीब 6 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

कई जिलों में बारिश और वज्रपात के आसार

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। अगले दो दिनों तक भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है।

नया मौसम तंत्र बढ़ाएगा बारिश की रफ्तार

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है।

अनुमान है कि 23 सितंबर की सुबह तक यह सिस्टम उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के पास पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

रविवार को बिलासपुर रहा सबसे गर्म

प्रदेश में रविवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो जगहों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई। बिलासपुर में अधिकतम 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो छिंदगढ़ में 7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 मिमी, नांगर और सुकमा में 5-5 मिमी बारिश हुई। वहीं जगदलपुर, मालखरौदा, ओरछा, पेंड्रा रोड और कुसमी में 4-4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य इलाकों में 1 से 3 मिमी तक बारिश हुई।