#Uncategorized

CG Accident News: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो मासूमों की मौत; पिता गंभीर, चालक फरार

Advertisement Carousel

 

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनका पिता गंभीर रूप से घायल है। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पिता और दो बच्चे बाइक से निकले थे

जानकारी के मुताबिक, परसुली निवासी पवन सोनकर अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने कथित तौर पर रॉन्ग साइड में जाकर उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

112 और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को तत्काल देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तीनों को राजनांदगांव रेफर किया गया।

इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने दम तोड़ा

राजनांदगांव में उपचार के दौरान 3 वर्षीय हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय नमन कुमार सोनकर की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कार जब्त, फरार आरोपियों की तलाश

हादसे की सूचना मिलने के बाद देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस हादसे की परिस्थितियों और टक्कर के कारणों की जांच कर रही है।