Abhanpur Accident: महानदी पुल पर पिकअप ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, पुल से नीचे गिरा युवक; मौत, एक गंभीर

अभनपुर। गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। राजिम से नवापारा की ओर जा रही बाइक को पीछे से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक उछलकर अलग-अलग जगह जा गिरे। इनमें एक युवक पुल से नीचे गिर गया, जबकि दूसरा पुल पर ही जा गिरा। हादसे में पुल से नीचे गिरे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
राजिम से नवापारा आ रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की ओर आ रहे थे। दोनों महानदी पुल पर नवापारा सीमा के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील जैन पुल पर काफी दूर जा गिरे।
अस्पताल पहुंचते ही शुरू हुआ इलाज, नहीं बची जान
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्काल मदद शुरू की। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। वहीं घायल सुनील जैन को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद महानदी पुल पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद महानदी पुल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिसके कारण पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
पिकअप चालक भी हुआ अचेत
हादसे के बाद पिकअप चालक भी अचेत हो गया, जिसे नवापारा सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
पिकअप चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और पिकअप को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।





