CG BJP: छत्तीसगढ़ में BJP ने बदली संगठन की कमान, स्मृति ईरानी बनीं प्रदेश प्रभारी; सिद्धार्थ शंभू को मिली सह-प्रभारी की जिम्मेदारी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। नई सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्मृति ईरानी को मिली छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी नियुक्तियों की सूची में छत्तीसगढ़ को भी शामिल किया गया है। सूची के अनुसार स्मृति ईरानी प्रदेश संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगी, जबकि सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी के तौर पर संगठनात्मक कार्यों में सहयोग करेंगे। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
संगठन में लंबे समय से खाली था प्रभारी का पद
नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी का पद रिक्त था। अब नई नियुक्ति के साथ प्रदेश भाजपा को नया संगठनात्मक नेतृत्व मिला है। प्रभारी और सह-प्रभारी की जिम्मेदारी में प्रदेश संगठन के साथ समन्वय और पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी जैसे कार्य शामिल होते हैं।
स्मृति ईरानी के पास हरियाणा का भी प्रभार
ताजा नियुक्तियों के अनुसार स्मृति ईरानी को केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि हरियाणा का प्रभार भी सौंपा गया है। भाजपा ने इसी सूची में कई अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं।








