#Uncategorized #प्रदेश

Raipur Ganesh Visarjan: इस बार सदर रोड से नहीं निकलेगी गणेश विसर्जन झांकी? व्यापारियों का विरोध, DJ-धुमाल पर रोक की मांग

Advertisement Carousel

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के मार्ग को लेकर इस बार नया विवाद सामने आया है। सदर रोड से झांकी नहीं निकालने की मांग उठने लगी है। सदर रोड सराफा व्यापारी संघ और स्थानीय लोगों ने संकरी सड़क, ट्रैफिक जाम और तेज आवाज से होने वाली परेशानियों का हवाला देते हुए प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग तय करने की मांग की है। वहीं सदर रोड पर DJ-धुमाल और तेज साउंड के विरोध में पोस्टर भी लगाए गए हैं।

सदर रोड से झांकी निकालने का विरोध

सदर रोड सराफा व्यापारी संघ की ओर से पुलिस को ज्ञापन सौंपकर सिटी कोतवाली चौक से कंकाली अस्पताल तक तेज आवाज वाले DJ, धुमाल और अन्य साउंड सिस्टम पर रोक लगाने की मांग की गई है।

व्यापारियों का कहना है कि इस बार सदर बाजार रोड से तेज साउंड और DJ-धुमाल के साथ झांकी नहीं निकाली जानी चाहिए। स्थानीय लोगों के बीच भी इस मांग को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं।

‘सड़क संकरी, जाम की स्थिति बनती है’

सराफा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हरेक मालू ने कहा कि बढ़ती आबादी के साथ सदर रोड काफी संकरी हो गई है। झांकी निकलने के दौरान यहां जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि पहले मकान गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में बुजुर्गों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

हरेक मालू ने सुझाव दिया कि झांकी को सदर रोड से निकालने के बजाय बूढ़ा तालाब और मालवीय रोड की ओर डायवर्ट किया जाए। उनके मुताबिक, जिस तरह सदर रोड पर झांकी के स्वागत के लिए पंडाल लगाए जाते हैं, उसी तरह वैकल्पिक मार्ग पर भी स्वागत की व्यवस्था की जा सकती है।

कलेक्टर और कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

व्यापारियों के अनुसार, इस संबंध में कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा गया है। स्थानीय थाना प्रभारी से भी ऐसी व्यवस्था बनाने का अनुरोध किया गया है, जिससे गणेश विसर्जन झांकी के दौरान आम लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

DJ-धुमाल पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग

व्यापारियों की दूसरी प्रमुख मांग तेज आवाज वाले DJ और धुमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की है। उनका कहना है कि सदर रोड जैसे व्यस्त और संकरे बाजार क्षेत्र में तेज साउंड से लोगों को काफी परेशानी होती है।

इसी मांग को लेकर सदर रोड पर तेज साउंड और DJ-धुमाल के खिलाफ पोस्टर चस्पा किए गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन गणेश विसर्जन झांकी के लिए कौन सा मार्ग तय करता है और तेज साउंड को लेकर क्या व्यवस्था लागू की जाती है।