#crime #प्रदेश

Samastipur News: नाबालिग से मारपीट और बदसलूकी का वीडियो वायरल, 3 दिनों में तीसरा मामला; पुलिस जांच में जुटी

Advertisement Carousel

 

समस्तीपुर। जिले में नाबालिग लड़कियों और युवतियों से मारपीट व बदसलूकी से जुड़े वीडियो सामने आने का सिलसिला जारी है। पिछले तीन दिनों में ऐसा तीसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। नया मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी वीडियो के स्थान और समय की पुष्टि नहीं की है।

वायरल वीडियो में कुछ लोग एक नाबालिग लड़की को घेरकर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लड़की का दुपट्टा खींचने और उसका हाथ मरोड़ने जैसी हरकतें भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।

एसपी बोले- पहले वीडियो की सत्यता होगी जांच

समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस सबसे पहले यह पता लगा रही है कि वीडियो वास्तव में कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है या किसी अन्य स्थान का। साथ ही वीडियो कब का है और उसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

तीन दिनों में सामने आए तीन वीडियो

पुलिस के अनुसार, इससे पहले बुधवार देर रात कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर से एक युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सामने आया था। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

इसके करीब 16 घंटे बाद मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा गांव से युवक और युवती के साथ मारपीट व बदसलूकी का एक और वीडियो वायरल हुआ। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी बताई गई थी।अब तीसरा वीडियो कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।

पुराने वीडियो को नए घटनाक्रम से जोड़ने की भी आशंका

पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती वायरल वीडियो की तारीख और लोकेशन की पुष्टि करना है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी पुराने वीडियो को नए घटनाक्रम से जोड़कर तो प्रसारित नहीं किया जा रहा।

पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और घटना की पुष्टि होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।