फ्रेशर पार्टी में छत्तीसगढ़ी स्टार प्रकाश अवस्थी संग जमकर झूमे छात्र-छात्राएं, हिंदी-छत्तीसगढ़ी रीमिक्स पर मची धूम

रायपुर। महंत लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय, गांधी चौक में आयोजित फ्रेशर पार्टी में उस वक्त माहौल और भी रंगीन हो गया, जब छत्तीसगढ़ी सिने जगत के चर्चित अभिनेता प्रकाश अवस्थी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचे। हिंदी और छत्तीसगढ़ी रीमिक्स गानों पर छात्रों ने जमकर डांस किया, वहीं अभिनेता प्रकाश अवस्थी ने भी उनके साथ कदम मिलाए। इस दौरान छात्राओं में उनके साथ सेल्फी लेने का भी खासा उत्साह नजर आया।
कड़ी धूप में भी थिरकते रहे छात्र-छात्राएं
महाविद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत पाश्चात्य और रीमिक्स गानों से हुई। करीब एक घंटे तक छात्र-छात्राएं कड़ी धूप के बीच भी पूरे उत्साह के साथ डांस करते रहे।
इसके बाद कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी, संस्था के अध्यक्ष अजय तिवारी, डॉ. किरण अग्रवाल सहित शिक्षक मौजूद रहे। अतिथियों के पहुंचने के बाद कार्यक्रम में उत्साह और बढ़ गया।
प्रकाश अवस्थी ने छात्रों से कहा- सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिनेता प्रकाश अवस्थी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को माता-पिता के आदर्शों और उम्मीदों को पूरा करने के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्रों से अनुशासन के साथ शिक्षा हासिल करने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
संस्था के अध्यक्ष अजय तिवारी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने विद्यार्थियों के उत्साह की तारीफ करते हुए कहा कि बच्चे हर रंग और हर अंदाज में खूबसूरत लगते हैं।

दो घंटे तक चला डांस का सिलसिला
अतिथियों के संबोधन के बाद जैसे ही दोबारा संगीत की धुन बजी, छात्र-छात्राएं फिर डांस फ्लोर पर पहुंच गए। सीनियर, जूनियर और शिक्षक भी इस मस्ती में शामिल नजर आए। नए और पुराने हिंदी-छत्तीसगढ़ी गानों पर करीब दो घंटे तक छात्र-छात्राएं जमकर थिरकते रहे।
कार्यक्रम के समापन के बाद महाविद्यालय की अनुशासन समिति की ओर से विद्यार्थियों को स्वल्पाहार कराया गया। इसके बाद छात्रों को अनुशासन के साथ घर लौटने के दिशा-निर्देश दिए गए। फ्रेशर पार्टी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कॉलेज के माहौल से जोड़ने के साथ उन्हें यादगार शुरुआत का मौका दिया।





