#crime #प्रदेश

Raipur Crime: खाना खाने पहुंचे ट्रांसपोर्ट कारोबारी को स्कॉर्पियो में जबरन ले गए 3 लोग, मोबाइल बंद; जांच में जुटी पुलिस

Advertisement Carousel

रायपुर। राजधानी में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के कथित अपहरण से सनसनी फैल गई है। खमतराई थाना क्षेत्र के डीएम टावर के पास से ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय को तीन लोग काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले गए। घटना के बाद से कारोबारी का मोबाइल फोन बंद है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बातचीत के बहाने नीचे बुलाया, फिर स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए

जानकारी के मुताबिक घटना 2 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:28 बजे की बताई जा रही है। प्रतीक राय खाना खाने के लिए डीएम टावर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत के बहाने नीचे बुलाया।

बताया जा रहा है कि नीचे पहुंचने के बाद तीन संदिग्धों ने उन्हें जबरन काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।

UP नंबर की स्कॉर्पियो पुलिस के रडार पर

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय खमतराई थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के लिए स्कॉर्पियो का नंबर UP 32 RR 7454 जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है।

बताया गया है कि कॉलोनी के एक युवक ने तीन संदिग्धों में से दो के मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस वाहन के नंबर और मोबाइल नंबरों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

खमतराई पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों की पहचान और कारोबारी की तलाश के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है।

फिलहाल प्रतीक राय को किस वजह से और किन लोगों ने अपने साथ ले जाया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस कारोबारी की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।