#प्रदेश

BJP में शामिल हुईं कोयल मल्लिक, अब राज्यसभा चुनाव में उतरीं; कभी TMC के टिकट पर बनी थीं सांसद

Advertisement Carousel

कोलकाता। बंगाली फिल्मों की अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। खास बात यह है कि भाजपा में शामिल होने से ठीक एक दिन पहले ही पार्टी ने उन्हें पश्चिम बंगाल की राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। भाजपा में शामिल होने के बाद कोयल मल्लिक सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी।

कोयल मल्लिक दिग्गज बंगाली अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी हैं। वह इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं। उन्होंने 6 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली थी, लेकिन 16 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब इसी सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा में शामिल होने के बाद कोयल मल्लिक ने कहा कि संसद के उच्च सदन का सदस्य बनने और लोगों के कल्याण के लिए काम करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात होगी।

16 अक्टूबर को 12 राज्यसभा सीटों पर चुनाव

देश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। 16 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की कुल 12 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, उत्तराखंड की एक और पश्चिम बंगाल की एक सीट शामिल है।

पश्चिम बंगाल में कोयल मल्लिक के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश की 10 सीटों और उत्तराखंड की एक सीट पर सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के कारण चुनाव हो रहा है।

BJP ने दो राज्यों में घोषित किए उम्मीदवार

भाजपा ने पश्चिम बंगाल की सीट के लिए कोयल मल्लिक और उत्तराखंड से दिनेश आर्य को उम्मीदवार बनाया है। अब उत्तर प्रदेश की 10 सीटों को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजरें टिकी हैं। खासतौर पर उत्तर प्रदेश में होने वाला यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।