#प्रदेश

CG Politics: AICC बैठक के बाद दीपक बैज के बड़े बयान, SIR से लेकर अपराध और भ्रष्टाचार तक सरकार पर हमला

Advertisement Carousel

रायपुर। दिल्ली में हुई AICC की बैठक में शामिल होकर लौटे छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की सियासत से जुड़े कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। SIR अभियान, वोट चोरी, बालोद एसिड अटैक, कोल घोटाला, निकाय चुनाव और मंत्री केदार कश्यप से जुड़े जमीन मामले को लेकर बैज ने सरकार पर तीखे आरोप लगाए। वहीं कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के दौरे की भी जानकारी दी।

SIR को लेकर कांग्रेस का अभियान तेज, 10 अक्टूबर से निकलेगी मार्च और बाइक रैली

दीपक बैज ने बताया कि AICC बैठक में SIR को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस चुनाव आयोग को एक्सपोज कर रहे हैं। अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत 10 अक्टूबर से होगी, जो 20 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान मार्च और बाइक रैली निकाली जाएगी। साथ ही SDM कार्यालयों का घेराव करने के निर्देश दिए गए हैं। 25 अक्टूबर से गांवों में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ चौपाल लगाई जाएगी, जबकि नवंबर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बालोद एसिड अटैक पर बैज का हमला, बोले- भाजपा ने छत्तीसगढ़ को बना दिया अपराध का गढ़

बालोद में हुए एसिड अटैक को लेकर दीपक बैज ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं दिल्ली जैसे बड़े शहरों में होती थीं, लेकिन अब छत्तीसगढ़ की स्थिति भी चिंताजनक हो गई है। पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक होने का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिसकर्मी का परिवार ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे होगी। बैज ने गृहमंत्री से घटना की जिम्मेदारी लेने और गृह विभाग छोड़ने की मांग की।

छत्तीसगढ़ आएंगे कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, बस्तर में करेंगे बैठक और रैली

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर दीपक बैज ने बताया कि वह आज रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद अगले दिन सुबह 10 बजे रायपुर से बस्तर के लिए रवाना होंगे। कांकेर जिला मुख्यालय में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में शामिल होंगे। इसके बाद दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। जगदलपुर में भी संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है। उनका तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा तय है।

अजय चंद्राकर के तंज पर बैज का पलटवार, बोले- पहले छत्तीसगढ़ की हालत बताएं

सुखदेव भगत के दौरे को लेकर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के तंज पर दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार चल रही है, लेकिन अजय चंद्राकर को पहले यह बताना चाहिए कि छत्तीसगढ़ में सरकार की क्या हालत है। बैज ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

क्षेत्रीय दलों की सक्रियता पर बैज बोले- सभी अपने एजेंडे के साथ कर रहे राजनीति

छत्तीसगढ़ में क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की बढ़ती सक्रियता को लेकर दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में कई क्षेत्रीय पार्टियां हैं। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने एजेंडे के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर फिलहाल कोई विस्तृत राजनीतिक टिप्पणी नहीं की।

कोल घोटाले की अनुपूरक चार्जशीट पर बैज का निशाना, बोले- जांच एजेंसियां कर रही कार्रवाई

कोल घोटाले में अनुपूरक चार्जशीट पेश होने को लेकर दीपक बैज ने कहा कि कोल घोटाला, शराब घोटाला और महादेव सट्टा मामले में फिलहाल चार्जशीट और जांच की कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जांच एजेंसियां इन मामलों की जांच कर रही हैं और NIA भी इन मामलों में जांच कर सकती है।

निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग, बैज बोले- चुनाव पारदर्शी तरीके से हों

निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग को लेकर दीपक बैज ने कहा कि सभी चुनाव पारदर्शी तरीके से होने चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के 15 निकायों में बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाए।

कांग्रेस में विवाद के आरोपों पर पलटवार, बैज बोले- भाजपा संगठन में चल रहा ‘सिर फुटव्वल’

कांग्रेस में आपसी विवाद को लेकर भाजपा के आरोपों पर दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई ‘सिर फुटव्वल’ नहीं चल रहा है। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा संगठन के भीतर ही ‘सिर फुटव्वल’ की स्थिति है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘पर्ची वाली पार्टी’ है और संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं जानती। चुनावी चंदे को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाए।

केदार कश्यप के जमीन मामले पर बैज का तंज, बोले- 20 लाख की जमीन 20 करोड़ में बेचने का फॉर्मूला बताएं

मंत्री केदार कश्यप से जुड़े जमीन मामले को लेकर दीपक बैज ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केदार कश्यप को पहले यह बताना चाहिए कि 20 लाख रुपये की जमीन को 20 करोड़ रुपये में बेचने का फॉर्मूला क्या है। बैज ने कहा कि मामला कई दिनों से चल रहा है, लेकिन केदार कश्यप की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।