CG Weather Today: जाते-जाते फिर बदलेगा छत्तीसगढ़ का मौसम, रायपुर में बूंदाबांदी के आसार; इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी का असर रहा, जिससे लोग परेशान नजर आए। हालांकि शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और मौसम में थोड़ी राहत महसूस हुई। मुंगेली और बलरामपुर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी रह सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।
रायपुर में आज बूंदाबांदी के आसार
राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शाम या रात के समय बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान रायपुर का तापमान 34 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
इन इलाकों में बारिश और वज्रपात की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 7 अक्टूबर को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों तक भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं।
राजनांदगांव में सबसे ज्यादा तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। हालांकि मुंगेली और बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
जाते-जाते भिगाएगा मानसून!
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर आगे बढ़ रही है।
इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बावजूद कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।





