Chhattisgarh Investment: सिंगापुर से 45,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव लेकर रायपुर लौटे CM साय, बोले- ज्यादातर प्रोजेक्ट धरातल पर

रायपुर। सिंगापुर में आयोजित SING फोरम में हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार, 7 अक्टूबर को रायपुर लौट आए। सिंगापुर से लौटते ही मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश को लेकर बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सिंगापुर के उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को रखने के बाद राज्य को करीब 45,600 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के प्रस्ताव मिले हैं।
मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव सुबोध कुमार सिंह और अधिकारियों की टीम भी रायपुर लौटी। अधिकारियों ने मंत्रालय पहुंचकर कामकाज संभाल लिया है। मुख्यमंत्री बुधवार को मंत्रालय नहीं जाएंगे और रायपुर में निर्धारित दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल का सबसे बड़ा प्रस्ताव
सीएम साय के मुताबिक, सिंगापुर दौरे के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों में सबसे बड़ा प्रस्ताव एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से है। कंपनी छत्तीसगढ़ में करीब 41,750 करोड़ रुपये की लागत से 100 मेगावाट का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने की योजना पर काम करेगी।
यह प्रस्ताव राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटर क्षेत्र में बड़े निवेश की संभावना को दर्शाता है।
नई उद्योग नीति के बाद 8.23 लाख करोड़ से ज्यादा के प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई उद्योग नीति लागू होने के बाद करीब डेढ़ साल की अवधि में छत्तीसगढ़ को 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव और एमओयू प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश केवल एमओयू तक सीमित रहने की नहीं है, बल्कि निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने पर जोर दिया जा रहा है।
सीएम बोले- अधिकांश काम धरातल पर उतर चुके
जब मुख्यमंत्री से निवेश प्रस्तावों के जमीन पर उतरने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सरकार जो काम करती है, उसे धरातल पर लाने का प्रयास करती है। उन्होंने दावा किया कि अब तक मिले प्रस्तावों में से अधिकांश पर काम शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक सेमीकंडक्टर प्लांट और AI डेटा सेंटर जैसे प्रोजेक्ट भी धरातल पर आना शुरू हो गए हैं।
सिंगापुर दौरे से लौटे सीएम साय के मुताबिक, राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ पहले से हुए एमओयू को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने पर भी सरकार का फोकस है।




