#प्रदेश

Telibandha Chowk: नहीं बदलेगा तेलीबांधा चौक का नाम, CM साय ने किया साफ; EVM से धर्मांतरण और नाना पाटेकर के निधन पर भी बोले

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के नाम में कोई परिवर्तन नहीं होगा और न ही इसके मूल स्वरूप के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित किए जाने की घोषणा की गई है। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक को केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जबकि इसका नाम यथावत रहेगा।

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पर सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वे गुरुवार को दुर्ग में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं। कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त भी जारी की जाएगी।

EVM को लेकर कांग्रेस पर CM साय का पलटवार

कांग्रेस द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और ईवीएम को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस अपना विश्वास खो चुकी है और लगातार सिकुड़ रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में हार मिलने पर कांग्रेस ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है, लेकिन जब उसके सांसद और विधायक उसी ईवीएम के जरिए चुनाव जीतते हैं, तब वह सवाल नहीं उठाती।

धर्मांतरण पर बोले- कानून तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

धर्मांतरण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अवैध तरीके से धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नाना पाटेकर के निधन पर जताया दुख

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर एक अच्छे कलाकार थे और उनका अभिनय उन्हें पसंद आता था। उनके निधन को उन्होंने फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।