Chhattisgarh Bus Fare: छत्तीसगढ़ में बस से सफर हुआ महंगा, सरकार ने जारी की नई किराया दरें; दिव्यांगों को 50% तक छूट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करने वाले लोगों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। राज्य सरकार ने यात्री बसों के किराये की नई दरें निर्धारित कर दी हैं। नई दरों की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित हो गई है। साधारण, डीलक्स और वातानुकूलित सुपर लग्जरी बसों के लिए अलग-अलग किराया तय किया गया है। वहीं, निर्धारित शर्तों के तहत दिव्यांग यात्रियों को किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट देने का प्रावधान भी किया गया है।
साधारण बस का किराया
नई दरों के अनुसार, साधारण बस सेवा में शुरुआती 5 किलोमीटर के सफर के लिए प्रति यात्री 10 रुपये किराया देना होगा। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये प्रति यात्री की दर से किराया लिया जाएगा।
डीलक्स बस के लिए कितना देना होगा?
डीलक्स बस सेवा में शुरुआती 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त किलोमीटर के लिए यात्रियों को 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करना होगा।
AC सुपर लग्जरी और स्लीपर बस का किराया
वातानुकूलित सुपर लग्जरी बसों में भी शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपये किराया तय किया गया है। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 3.30 रुपये प्रति यात्री की दर से किराया देना होगा।
वहीं, वातानुकूलित अर्द्ध शयनयान बस में सीट के लिए 3 रुपये प्रति यात्री तथा शयनयान के लिए 3.30 रुपये प्रति यात्री की दर निर्धारित की गई है।
दिव्यांग यात्रियों को 50% तक छूट
सरकार ने नई किराया दरों के साथ यात्रियों के लिए छूट का प्रावधान भी रखा है। निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले दिव्यांग यात्रियों को किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।इसके अलावा, निःशुल्क यात्रा के लिए पात्र श्रेणियों में शामिल यात्रियों को 100 प्रतिशत किराया छूट देने का प्रावधान है।
नई किराया दरें लागू होने के बाद प्रदेश में रोजाना बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों के खर्च पर सीधा असर पड़ेगा। अलग-अलग श्रेणी की बसों के लिए निर्धारित नई दरों के अनुसार अब यात्रियों को सफर के लिए पहले की तुलना में अधिक किराया चुकाना होगा।




