Gariaband Naxal News: गरियाबंद में नक्सलियों के छिपाए विस्फोटकों का जखीरा बरामद, टिफिन IED और 4 UBGL राउंड मिले

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का छिपाया हुआ विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया है। इसमें 2.5 किलोग्राम की टिफिन आईईडी, चार यूबीजीएल राउंड और अन्य सामग्री शामिल हैं। संभावित खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटकों को नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया।
जंगलों में चलाया गया सर्च ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद भी सुरक्षा बल जंगलों में माओवादियों के पुराने डंप और छिपाई गई सामग्री की तलाश में अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीमें शामिल थीं। अभियान के दौरान गोवरमुंडा में एक पुलिया के पास संदिग्ध सामग्री मिलने पर इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ली गई।
टिफिन आईईडी और चार यूबीजीएल राउंड बरामद
तलाशी के दौरान जमीन में छिपाया गया नक्सल डंप मिला। संभावित खतरे को देखते हुए सीआरपीएफ के बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद डंप से निम्न सामग्री बरामद की गई:
- 2.5 किलोग्राम वजन की एक टिफिन आईईडी
- चार यूबीजीएल राउंड
- दो मीटर कोडेक्स वायर
- 15 खाली खोखे
- दवाइयां और रोजमर्रा के इस्तेमाल की अन्य सामग्री
नियंत्रित विस्फोट से नष्ट किए गए विस्फोटक
पुलिस के अनुसार, निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए टिफिन आईईडी तथा चारों यूबीजीएल राउंड को घटनास्थल पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। इससे संभावित खतरे को टालने में मदद मिली।
सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।





