#प्रदेश

10 दिन पहले खुल रही विश्व प्रसिद्ध कोटमसर गुफा, 20 अक्टूबर से पर्यटक कर सकेंगे भूमिगत दुनिया का दीदार

Advertisement Carousel

जगदलपुर। बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती और रहस्यमयी भूमिगत दुनिया को करीब से देखने की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की विश्व प्रसिद्ध कोटमसर गुफा 20 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी। अनुकूल मौसम के चलते इस बार गुफा को निर्धारित समय से करीब 10 दिन पहले खोला जा रहा है। आमतौर पर हर साल छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर से पर्यटकों को यहां प्रवेश दिया जाता था।

मौसम अनुकूल, गुफा में पानी और फिसलन का खतरा कम

कोटमसर गुफा को भूमिगत दुनिया के नाम से भी जाना जाता है। गुफा के भीतर बनी प्राकृतिक संरचनाएं और अद्भुत नजारे पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र हैं। कांगेर वैली नेशनल पार्क के डीएफओ गौतम नारायण के मुताबिक, इस वर्ष मौसम काफी अनुकूल है। बारिश नहीं होने और पहले हुई बारिश का पानी गुफा के भीतर जमा नहीं होने के कारण पर्यटकों के लिए परिस्थितियां बेहतर हैं। इससे गुफा के अंदर पानी भरने और फिसलन जैसी समस्याओं की आशंका भी कम है।

बस्तर दशहरा के बीच पर्यटकों को मिलेगा नया आकर्षण

इन दिनों विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा भी जारी है। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक बस्तर पहुंच रहे हैं। ऐसे में कोटमसर गुफा को निर्धारित समय से पहले खोलने का फैसला पर्यटन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे बस्तर आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन का एक साथ अनुभव मिल सकेगा।

फिलहाल सिर्फ कोटमसर गुफा खुलेगी

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में कोटमसर के अलावा कैलाश, दंडक, अरण्य और हरी गुफा भी मौजूद हैं। हालांकि फिलहाल पर्यटकों के लिए केवल कोटमसर गुफा ही खोली जा रही है।