Chhattisgarh News: रायपुर में टीम इंडिया का क्लीन स्वीप, CM विष्णुदेव साय बोले- बेटियों को मिलेगी आगे बढ़ने की प्रेरणा

रायपुर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेली गई तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारतीय टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया। सीरीज के तीसरे मुकाबले का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी आनंद लिया और भारतीय खिलाड़ियों को शानदार जीत की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित इस ऐतिहासिक महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
भारत की जीत पर CM साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारतीय महिला टीम को सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि रायपुर में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया। मुख्यमंत्री ने मुकाबले को करीब से देखने का उल्लेख करते हुए सभी खिलाड़ियों को जीत की बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 सीरीज
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवा रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों का आयोजन प्रदेश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। यह सीरीज केवल क्रिकेट मुकाबलों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि जब बेटियां विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देखेंगी, तो उनमें भी खेलों में आगे बढ़ने और छत्तीसगढ़ सहित देश का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
महिलाओं और बेटियों के लिए मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस ऐतिहासिक सीरीज के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रत्यक्ष देखने का अवसर देना है।
सीएम साय ने कहा कि आज बेटियां खेल के मैदान सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य से देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के अनुकूल वातावरण तैयार करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम प्रदेश की महत्वपूर्ण खेल अधोसंरचना है। राज्य सरकार द्वारा स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता खुला है।
नवा रायपुर को स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन हो चुका है। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबले भी आयोजित किए गए। अब भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज के आयोजन से छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधियों को और बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजन प्रदेश की पहचान और खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा देते हैं। इससे रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होने की संभावना रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाने के साथ देश के प्रमुख खेल एवं आयोजन केंद्रों में शामिल करने की दिशा में भी प्रयास कर रही है।
बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण बना है। भारतीय महिला खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर देश का मान बढ़ा रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नवा रायपुर में आयोजित यह सीरीज प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।





