Chhattisgarh News: WRS कॉलोनी में 101 फीट के रावण का दहन, CM साय बोले- हर व्यक्ति के भीतर के रावण को खत्म करना जरूरी

रायपुर। राजधानी रायपुर की डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन के साथ हुई शानदार आतिशबाजी ने दशहरा मैदान में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ा दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, हर्षिता पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सत्य की विजय का उत्सव है दशहरा : मुख्यमंत्री साय
रावण दहन से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दशहरा सत्य की विजय और अधर्म पर धर्म की जीत का पर्व है। इसी दिन भगवान श्रीराम ने अत्याचारी और अधर्मी रावण का वध किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल क्लब की ओर से लगातार दशहरा उत्सव और रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है। वह भी पिछले कई वर्षों से इस आयोजन में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा के प्रयासों और मेहनत की सराहना की।

छत्तीसगढ़ के लिए विजयादशमी का विशेष महत्व
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए विजय उत्सव का विशेष महत्व है, क्योंकि यह माता कौशल्या की भूमि और भगवान श्रीराम की ननिहाल है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने वनवास का महत्वपूर्ण समय छत्तीसगढ़ में बिताया था।
सीएम ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद छत्तीसगढ़वासियों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने के उद्देश्य से रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है और अब तक 50 हजार से अधिक लोग दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री बोले- हर व्यक्ति के भीतर के रावण को खत्म करना होगा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रावण का पुतला जलाना केवल एक प्रतीक है। हमारे भीतर भी रावण रूपी क्रोध और बुराइयां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने भीतर के इन अवगुणों को समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।





