#प्रदेश

छत्तीसगढ़ पहुंचते ही स्मृति ईरानी का सख्त संदेश, बोलीं- जिसे बुलाया जाए वही आए भाजपा कार्यालय; बिना बुलाए आने वालों को दो टूक

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ की नई प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार रायपुर पहुंचीं स्मृति ईरानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन का स्पष्ट संदेश दिया। भाजपा कार्यालय पहुंचते ही उन्होंने साफ कर दिया कि बैठकों में केवल उन्हीं पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी हो, जिन्हें बुलाया गया है। बिना बुलावे के कार्यालय आने से बचने की हिदायत भी दी गई।

जमीन पर बैठकर कार्यकर्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’

रायपुर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ जमीन पर बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुना।

इस दौरान स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद का संदेश भी दिया।

दो दिन में मैराथन बैठकों से संगठन की नब्ज टटोलेंगी

स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान पार्टी संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगी। इस दौरान प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें होंगी और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

आज का बैठक कार्यक्रम

  • सुबह 11:30 से 12:30 बजे: प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक।
  • दोपहर 12:30 से 1:30 बजे: प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और आगामी रणनीति पर चर्चा।
  • दोपहर 1:30 से 2:30 बजे: संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक।
  • शाम 3:30 से 5 बजे: पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक।
  • शाम 5:30 से 7 बजे: पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद।
  • शाम 7 से रात 8:30 बजे: भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक।

संगठन को लेकर दिखेगा स्मृति ईरानी का फोकस

प्रदेश प्रभारी के तौर पर स्मृति ईरानी के पहले दौरे को संगठन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। लगातार होने वाली बैठकों में पार्टी की मौजूदा स्थिति, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर मंथन होगा।