#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 28-29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; 90 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Advertisement Carousel

रयपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। राजधानी रायपुर में भी मंगलवार को मौसम बदल सकता है और बारिश या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्व-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके 27 अक्टूबर तक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है।

इसके बाद तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश-यनम तट के पास बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने का अनुमान है।

तट से टकराते समय तूफान की अधिकतम हवा की गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। वहीं, तेज झोंकों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 27 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना जताई है।

रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। मध्य छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

कुछ इलाकों में अत्यंत भारी वर्षा की आशंका भी जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और गरियाबंद के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे प्रदेश में मौसम रहा शुष्क

चक्रवात के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम बदलने की संभावना है, लेकिन पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि रायगढ़ में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 28-29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; 90 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Aaj Ka Rashifal 27 October 2026: मेष