#प्रदेश

दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों की बल्ले-बल्ले, CM साय ने DA-DR में किया 2% का इजाफा

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दीपावली का त्योहार सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए और भी खुशियां लेकर आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने त्योहार से पहले बड़ा फैसला लेते हुए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद अब राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को 58 प्रतिशत की जगह 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत मिलेगी। बढ़ी हुई दरें 1 नवंबर 2026 से लागू होंगी।

5.35 लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारी और 1 लाख 50 हजार पेंशनर लाभान्वित होंगे। यानी कुल 5 लाख 35 हजार लोगों को इस बढ़ोतरी का सीधा लाभ मिलेगा। त्योहार के ठीक पहले हुई इस घोषणा से कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकार पर 432 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार

महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि से राज्य सरकार पर करीब 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। वहीं, सालाना आधार पर यह राशि लगभग 432 करोड़ रुपये होगी।

मुख्यमंत्री बोले- परिवारों में बढ़ेगी त्योहार की खुशियां

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत देने के साथ ही उनके परिवारों में त्योहार की खुशियां और उल्लास बढ़ाएगा।