#प्रदेश

कोरबा में रेलवे पटरी के पास मिला मगरमच्छ का बच्चा, पार्षद ने बोरे में किया बंद; इलाके में दहशत, बड़े मगरमच्छ की आशंका

Advertisement Carousel

कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के प्रेम नगर वार्ड क्रमांक 65 स्थित भैरोताल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खोलार नाले से लगे रेलवे ट्रैक के पास मगरमच्छ का एक बच्चा दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही क्षेत्र के पार्षद प्रेम साहू मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से मगरमच्छ के बच्चे को पकड़कर बोरे में बंद कर दिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।

पहले भी रेलवे पटरी पर मिला था मगरमच्छ

पार्षद प्रेम साहू ने बताया कि इससे पहले भी रेलवे पटरी पर एक मगरमच्छ मृत अवस्था में मिला था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इलाके में बड़ा मगरमच्छ भी मौजूद हो सकता है। लगातार मगरमच्छ दिखाई देने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

हसदेव नदी से जुड़ा है खोलार नाला

जानकारी के अनुसार, खोलार नाला हसदेव नदी से जुड़ा हुआ है। माना जा रहा है कि नदी और नाले के रास्ते मगरमच्छ रिहायशी इलाके तक पहुंच रहे हैं। कुछ दिन पहले भी क्षेत्र में एक मगरमच्छ मृत मिला था। अब मगरमच्छ का बच्चा मिलने के बाद लोगों में डर का माहौल है।

वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं, पार्षद प्रेम साहू ने स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने और नाले व नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है।

लगातार मगरमच्छों की मौजूदगी सामने आने से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब वन विभाग के सामने मगरमच्छों की तलाश करने और रिहायशी इलाके में उनकी आवाजाही रोकने की चुनौती है।