#प्रदेश

CG Air Show: नवा रायपुर के आसमान में दिखा भारतीय वायुसेना का शौर्य, सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने जीता दिल

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। सेंध लेक में आयोजित भव्य एयर-शो में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने ऐसे रोमांचक करतब दिखाए कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। वहीं, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने भी अपने साहसिक प्रदर्शन से लोगों में जोश भर दिया। आसमान में तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका भी शामिल हुए।

राज्यपाल रमेन डेका ने की वायुसेना के जांबाजों की सराहना

राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायुसेना के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर प्रतिष्ठित सारंग टीम का प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल रोमांचकारी हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।

अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है सारंग टीम

राज्यपाल ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस तरह मोर देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी तरह सारंग टीम भारतीय वायुसेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और साहसिक करतबों के पीछे लंबी तैयारी, निरंतर अभ्यास, गहरी एकाग्रता और असाधारण तालमेल होता है। हर पायलट को अपनी भूमिका के साथ-साथ अपने साथियों की गतिविधियों का भी ध्यान रखना पड़ता है। सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास का संदेश देता है।

आकाशगंगा के स्काईडाइवर्स ने दिखाई अद्भुत हिम्मत

एयर-शो की शुरुआत भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने खुले आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए अपने संतुलन, साहस और सटीक नियंत्रण का प्रदर्शन किया। निर्धारित स्थान पर उनकी सफल लैंडिंग के बाद पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस प्रदर्शन में जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक एकाग्रता और कठिन प्रशिक्षण की झलक देखने को मिली।

गरुड़ कमांडोज ने किया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन

आकाशगंगा टीम के बाद भारतीय वायुसेना के गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष ऑपरेशन कौशल का प्रदर्शन किया। जवानों ने आठ हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग की। इसके बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया गया। हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर कमांडोज ने अपनी दक्षता दिखाई।

सेंध लेक के सामने जवानों ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनकी त्वरित कार्रवाई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिशन पूरा करने की क्षमता ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने थाम दीं सांसें

एयर-शो का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने नवा रायपुर के आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब दिखाए।

कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब उड़ते नजर आए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में जाकर दोबारा एक फॉर्मेशन में आ गए। इस दौरान हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के बेहद नजदीक से गुजरने वाला ‘क्रॉसओवर’ करतब दर्शकों के लिए सबसे रोमांचक पल रहा। पायलटों के सटीक नियंत्रण, एकाग्रता और आपसी तालमेल ने सभी को हैरान कर दिया।

कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष स्नेह भी प्रदर्शित किया। हवाई प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। आसमान से गूंजे इस संदेश ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया।

तिरंगे की फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ से हुआ समापन

एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा, हेलीकॉप्टरों का शानदार तालमेल और देशभक्ति गीत ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसी के साथ शौर्य और राष्ट्रप्रेम से भरे एयर-शो का यादगार समापन हुआ।

दुनिया के कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है सारंग टीम

भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम को विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम बताया गया है। यह टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र समेत कई देशों में अपने 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शनों के जरिए भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित इस भव्य एयर-शो ने प्रदेशवासियों को भारतीय वायुसेना के शौर्य और उत्कृष्टता को करीब से देखने का अवसर दिया।