Dhanteras 2026: धनतेरस पर सोना-चांदी नहीं खरीद पा रहे तो निराश न हों, ये 7 चीजें घर लाने से मिलेगी मां लक्ष्मी की कृपा! जानें क्या खरीदें और किन चीजों से बचें

Dhanteras 2026: दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व की शुरुआत धनतेरस से होती है। इस दिन भगवान धन्वंतरि और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करने के साथ नई वस्तुओं की खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। आमतौर पर लोग इस दिन सोना-चांदी खरीदना पसंद करते हैं, लेकिन धार्मिक और वास्तु मान्यताओं के अनुसार कुछ ऐसी चीजें भी हैं, जिन्हें घर लाने के लिए धनतेरस का दिन बेहद खास माना जाता है। खास बात यह है कि इन शुभ वस्तुओं को खरीदने के लिए आपको बड़ी रकम खर्च करने की जरूरत नहीं है। साबुत धनिया, झाड़ू, मिट्टी के दीये और गोमती चक्र जैसी चीजें भी समृद्धि का प्रतीक मानी जाती हैं। आइए जानते हैं धनतेरस पर कौन-सी 7 चीजें खरीदना शुभ माना जाता है और किन वस्तुओं की खरीदारी से परहेज करना चाहिए।
सोना-चांदी के अलावा धनतेरस पर जरूर खरीदें ये 7 चीजें
1. साबुत धनिया: धनतेरस पर साबुत धनिया खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इसे दिवाली के दिन मां लक्ष्मी को अर्पित करने और तिजोरी में रखने से घर में धन-धान्य और समृद्धि बनी रहती है।
2. नई झाड़ू: धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की भी पुरानी परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं में झाड़ू को मां लक्ष्मी से जोड़कर देखा जाता है। माना जाता है कि नई झाड़ू घर की नकारात्मकता और दरिद्रता को दूर करने का प्रतीक है।
3. मिट्टी के दीये: दीपावली पर घर को रोशन करने के लिए धनतेरस के दिन मिट्टी के दीये खरीदना शुभ माना जाता है। दीये प्रकाश, सकारात्मकता और खुशहाली का प्रतीक हैं।
4. गोमती चक्र: वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, धनतेरस पर कम से कम 11 गोमती चक्र खरीदना शुभ माना जाता है। इन्हें पीले कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने की मान्यता है। ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि और व्यापार में उन्नति आती है।
5. अक्षत यानी साबुत चावल: धनतेरस पर बिना टूटे साफ चावल खरीदना भी शुभ माना जाता है। पूजा-पाठ में अक्षत का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसे घर लाने से अन्न और धन की कमी नहीं होती।
6. पान का पत्ता और पूजा सामग्री: मां लक्ष्मी की पूजा में पान के पत्ते का विशेष महत्व माना जाता है। इसलिए धनतेरस पर पान के पत्ते और पूजा से जुड़ी सामग्री खरीदना शुभ माना जाता है।
7. पीतल या तांबे के बर्तन: धनतेरस पर पीतल और तांबे के बर्तन खरीदने की भी परंपरा है। मान्यता है कि इन धातुओं की खरीदारी से घर में शुभता और समृद्धि आती है। नए बर्तन को घर लाते समय उसमें थोड़ा चावल या पानी भरना शुभ माना जाता है।
धनतेरस पर भूलकर भी न खरीदें ये चीजें
वास्तु मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन कुछ वस्तुओं की खरीदारी से बचना चाहिए। माना जाता है कि ये चीजें शुभता के बजाय नकारात्मकता का प्रतीक हो सकती हैं।
लोहे का सामान: धार्मिक मान्यताओं में लोहे का संबंध शनि से माना जाता है। इसलिए इस दिन लोहे की वस्तुएं खरीदने से बचने की सलाह दी जाती है।
स्टील के बर्तन: वास्तु मान्यता के अनुसार, धनतेरस पर स्टील के बर्तनों की जगह पीतल और तांबे के बर्तन खरीदना बेहतर माना जाता है।
कांच की वस्तुएं: कांच का संबंध राहु से जोड़कर देखा जाता है। इसलिए इस दिन कांच के बर्तन खरीदने से परहेज करने की मान्यता है।
नुकीली चीजें: धनतेरस पर चाकू, कैंची और अन्य धारदार वस्तुएं खरीदना अशुभ माना जाता है।
काले रंग की वस्तुएं: इस दिन काले रंग के कपड़े या अन्य काली चीजें खरीदने से बचने की सलाह दी जाती है।




