#Business

रायपुर में आर्टेमिस शांति अस्पताल शुरू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया हॉस्पिटल का लोकार्पण

Advertisement Carousel

० यह अस्पताल विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का केंद्र होगा
रायपुर। रायपुर में नया सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल आर्टेमिस शांति अस्पताल 3 नवंबर 2026 से विधिवत शुरू हो गया है। रायपुर के देवेंद्र नगर मंडी रोड़ में स्थित इस अस्पताल का लोकार्पण 3 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया। इस अस्पताल की स्थापना से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और उन्नत उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के मरीजों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां हृदय रोग, न्यूरोसाइंस, कैंसर उपचार, हड्डी एवं जोड़ रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, किडनी एवं यूरोलॉजी तथा क्रिटिकल केयर सहित विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, उच्च स्तरीय इमेजिंग एवं डायग्नोस्टिक सुविधाएं तथा 24 घंटे इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाओं की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं के माध्यम से मरीजों को समग्र उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

यह अस्पताल अभी 400 बेड का है। भविष्य में 700 बेड तक किया जा सकेगा। विदेशी मरीजों के इलाज के लिए जे सी आई (ज्वाइंट कमीशन इंटरनेशनल) से मान्यता लेनी पड़ती है। आर्टेमिस शांति अस्पताल को जे सी आई के मानदंडों के अनुरूप बनाया गया है। निकट भविष्य में इस अस्पताल में हार्ट और लीवर ट्रांसप्लांट शुरू कर देंगे। इसके लिए तैयारी की जा रही है। लंग और बोन मेरो ट्रांसप्लांट की दिशा में भी काम होगा। इस अस्पताल का मुख्य फोकस आर्गन ट्रांसप्लांट पर रहेगा। इस अस्पताल आधुनिक ‘फाइव जी’ एम्बुलेंस है। दूरस्थ इलाकों से गंभीर मरीजों को अस्पताल में लाने के लिए इसका उपयोग होगा। इसमें अस्पताल से मरीज की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी।

लोकार्पण समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं अन्य मंत्रीगण,रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा रायपुर नगर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल ने कहा कि यह रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। इस हॉस्पिटल की स्थापना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उनके अपने शहर में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपने घर और परिवार से दूर न जाना पड़े। आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के अनुभव और विशेषज्ञता के साथ हम क्षेत्र में चिकित्सा गुणवत्ता, सुरक्षा और मरीजों की संतुष्टि के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

समारोह में आर्टेमिस हॉस्पिटल्स एवं अपोलो टायर्स लिमिटेड के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर ने कहा कि आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के माध्यम से हम दिल्ली-एनसीआर से बाहर निकलकर मध्य भारत में अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहे हैं। केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग के लिए हम आभारी हैं। छत्तीसगढ़ के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है। आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ के अनेक मरीजों को बेहतर और उन्नत इलाज के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करनी पड़ती थी। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के शुरू होने से मरीजों को आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और विश्वस्तरीय चिकित्सा प्रक्रियाओं का लाभ अपने ही शहर में मिल सकेगा। हमारे लिए मरीज सर्वोपरि है और यही हमारी कार्यशैली का मूल आधार है।वर्ष 2007 में स्थापित गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स 750 से अधिक बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है। अपोलो टायर्स समूह द्वारा प्रोत्साहित यह संस्थान 40 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञताओं में उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है तथा जेसीआई (JCI) और एनएबीएच (NABH) से मान्यता प्राप्त है।