Close

चार सालों में प्रदेश बना भ्रष्टाचार व माफियाओं का गढ़-साव

अम्बिकापुर।छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। साव ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चार सालों में छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार और माफियाओं का गढ़ बना दिया है। न गाँव में विकास के कोई काम हो रहें हैं,न शहर में। महिलाओं का रोजगार छीन लिया गया है। युवाओं के रोजगार के अवसर बंद कर दिए गए हैं। भाजपा आम लोगों की आवाज बनेगी। सड़क से सदन तक सरकार के जनविरोधी कार्यों को लेकर लडेंगे और 2023 के चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार की वापसी होगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सरगुजा संभाग के दौरे पर पहुंचे अरूण साव ने अंबिकापुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सरकार ने शराब बंदी का झूठा वादा करके महिलाओं के साथ प्रदेश की जनता को छलने का काम किया है तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से उनका रोजी रोजगार छीन लिया है। आज पूरे प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराधिक कृत्य, प्रताड़ना एवं दुर्व्यवहार चरम पर है। ऐसे मुददों के साथ महिलाओं को लेकर भाजपा कांग्रेसी सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी। 11 नवम्बर 2022 को बिलासपुर में महतारी हुंकार रैली का आयोजन किया गया है। अरूण साव ने कहा कि पिछले 04 वर्षों में कांग्रेस पार्टी की सरकार ने सभी को ठगने का काम किया है, जन घोषणा पत्र के एक भी वादे पूरे नहीं किए गए। हाथ में गंगा जल लेकर वादा पूरा करने की कसम खाने वाली यह सरकार ने आदिवासी समाज के साथ भेदभाव पूर्ण व्यवहार किया है, आज इस समाज को अपने अधिकार से वंचित होना पड़ा है। रोजगार के अवसर बंद कर दिए गए, सरकारी नौकरी के लिए सभी भर्तियाँ रोक दी गई हैं।
इस अवसर पर संगठन सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, जिला प्रभारी ज्योतिनन्द दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व सांसद कमलभान सिंह सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहाल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहाल हैं। लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। सरगुजा की तीन सीटों पर भी अगले चुनाव में भाजपा को लोगों का आर्शीवाद मिलेगा।
जीतेंगे भानुप्रतापपुर उपचुनाव
अरूण साव ने कहा कि भाजपा भानुप्रतापपुर उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी। प्रदेश में आदिवासी वर्ग का आरक्षण में कांग्रेस सरकार में कटौती की गई है, जिसके विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन चल रहा है। इसे भाजपा चुनावी मुद्दा बनाएगी। हम उपचुनाव जीत रहे हैं। भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने अभी प्रत्याशी भी तय नहीं किया है।

scroll to top