#अंतरराष्ट्रीय

Nepal Road Accident: नेपाल में दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी ईवी, 10 की मौत

Advertisement Carousel

नेपाल: पड़ोसी देश नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. इस दर्दनाक दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य घायल हो गये. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.

काठमांडू से सर्लाही जा रही थी इलेक्ट्रिक वैन

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त इलेक्ट्रिक वैन का रजिस्ट्रेशन नंबर मधेश प्रदेश 03-001 ज 0880 था. वाहन काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रहा था. इसी दौरान भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी के पास भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़कखंड पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया. इसके बाद वैन सड़क से फिसलकर करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी.

हादसे में पांच लोग घायल, तीन बच्चे भी शामिल

दुर्घटना में घायल पांच लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4, सुंदरपुरटोल निवासी 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव भी शामिल हैं.

हेटौंडा अस्पताल में भर्ती मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोट आयी है. वहीं, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव के शरीर में अंदरूनी चोटें लगी हैं. दोनों की हालत सामान्य बतायी गयी है. जबकि तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और मुंह में चोट आयी है. उनकी स्थिति मध्यम बतायी गयी है.

10 लोगों की मौत, हादसे की जांच शुरू

सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के सहप्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने दुर्घटना में 10 लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है.