रायपुर में गंदगी पर सरकार सख्त, नगर निगम के दो वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस; 3 दिन में मांगा जवाब

रायपुर। राजधानी रायपुर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी और लगातार सामने आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने नगर निगम के दो वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें निगम के उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं। दोनों अधिकारियों से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।
बार-बार निर्देश के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं
नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि समीक्षा बैठकों के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद अधिकारियों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। विभाग ने निर्देशों की अवहेलना पर नाराजगी जताते हुए दोनों अधिकारियों से जवाब-तलब किया है।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि समाचार पत्रों में आए दिन शहर के अलग-अलग इलाकों में गंदगी फैले होने की खबरें प्रकाशित हो रही हैं। इससे नगर निगम और शासन की छवि प्रभावित हो रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
तीन दिन में देना होगा जवाब, कार्रवाई की चेतावनी
विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है।
दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से अपना जवाब प्रस्तुत करना होगा। निगम आयुक्त को प्राप्त जवाब का परीक्षण कर अपना अभिमत सहित संचालनालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है। अब देखना होगा कि अधिकारियों की ओर से क्या जवाब दिया जाता है और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए निगम आगे क्या कदम उठाता है।




