#प्रदेश #राष्ट्रीय

Big News : कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, मस्जिद में छिपा लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट ढेर

Advertisement Carousel

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। देवसर के जांगलपोरा इलाके में जारी मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया गया। बताया जा रहा है कि आतंकी ने एक मस्जिद के अंदर पनाह ले रखी थी और वहीं से सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर रहा था। कई दिनों से उसकी तलाश में अभियान चला रही सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया।

कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ सुनियोजित तरीके से ऑपरेशन शुरू किया था। इलाके की घेराबंदी करने के बाद लतीफ को सरेंडर करने के लिए कई बार समझाया गया। एसएसपी ने खुद वीडियो कॉल के जरिए उससे संपर्क किया और उसे मुख्यधारा में लौटने की अपील की। उसे यह भी समझाया गया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह काफी युवा है, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।

एसएसपी के मुताबिक, सुरक्षाबलों की लगातार अपील के बावजूद आतंकी मस्जिद के अंदर चला गया। वहां से भी उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार एलान किया गया, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें लतीफ मारा गया।

CRPF टीम पर हमले के बाद से चल रही थी तलाश

लतीफ भट की तलाश में सुरक्षाबल पिछले कई दिनों से अभियान चला रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में लतीफ ने अपने साथी उमर निसार के साथ सीआरपीएफ नाके पर हमला किया था। इस गोलीबारी में तीन जवान घायल हुए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां दोनों आतंकियों की तलाश में जुटी थीं।

इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में लतीफ का साथी और सीआरपीएफ टीम पर हमले में शामिल नसीर डार मारा गया था, जबकि लतीफ शुरुआती घेराबंदी तोड़कर भागने में सफल रहा था। अधिकारियों के अनुसार, इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए सुरक्षाबलों ने लतीफ की तलाश जारी रखी और बुधवार को उसे घेरकर मार गिराया।