#मनोरंजन

Panchayat Release Date : सचिव जी की वापसी की तारीख तय, ‘पंचायत 5’ में बदलेगी फुलेरा की सत्ता, जानें कब होगी रिलीज

Advertisement Carousel

Panchayat Season 5 Release Date: फुलेरा गांव की गलियों में एक बार फिर राजनीति, हंसी-मजाक और नए विवादों का दौर शुरू होने वाला है। ओटीटी की चर्चित वेब सीरीज ‘पंचायत’ अपने पांचवें सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। इस बार कहानी में कई नए मोड़ देखने को मिलेंगे। सबसे बड़ा बदलाव गांव की सत्ता में हुआ है, जहां बनराकस अब प्रधानपति की भूमिका निभाते नजर आएंगे। वहीं, सचिव जी और फुलेरा के पुराने किरदारों की वापसी भी दर्शकों के लिए खास होने वाली है।

3 दिसंबर को रिलीज होगा ‘पंचायत 5’

सीरीज के नए सीजन की रिलीज डेट सामने आ गई है। ‘पंचायत 5’ का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर किया जाएगा। इसे भारत के साथ दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम किया जा सकेगा। पिछले चार सीजन की लोकप्रियता को देखते हुए नए सीजन को लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता बढ़ गई है।

अब बनराकस के हाथ में होगी गांव की सत्ता

इस बार फुलेरा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। गांव को नया मुखिया मिल चुका है और बनराकस प्रधानपति की जिम्मेदारी संभालेंगे। ऐसे में कहानी का केंद्र सत्ता की नई लड़ाई और बदलते राजनीतिक समीकरण होंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि बनराकस प्रधानपति बनने के बाद गांव के विकास के लिए क्या कदम उठाते हैं और उनकी नई राजनीतिक चालों का सचिव जी समेत दूसरे किरदारों पर क्या असर पड़ता है।

पुराने किरदारों के साथ लौटेगी ‘पंचायत’

पांचवें सीजन में दर्शकों को एक बार फिर अपनी पसंदीदा स्टारकास्ट देखने को मिलेगी। जितेंद्र कुमार अभिषेक त्रिपाठी उर्फ सचिव जी के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपनी पुरानी भूमिकाओं में दिखाई देंगे। गांव की रोजमर्रा की जिंदगी, रिश्तों की उलझन और राजनीतिक खींचतान इस बार भी कहानी का अहम हिस्सा होगी।

TVF ने किया है निर्माण

‘पंचायत 5’ का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसकी कहानी और रचना में दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार की भूमिका रही है। सीरीज के पिछले सीजन की तरह इस बार भी ग्रामीण परिवेश की सादगी के साथ हास्य और भावनाओं का संगम देखने को मिलेगा।

प्राइम वीडियो और TVF ने जताई खुशी

प्राइम वीडियो इंडिया के SVOD कंटेंट एक्विजिशन डायरेक्टर मनीष मेंघानी के मुताबिक, ‘पंचायत’ उन कहानियों में शामिल हो चुकी है, जो दर्शकों की जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं। फुलेरा और वहां के किरदारों ने पिछले चार सीजन में लोगों के साथ एक खास जुड़ाव बनाया है। उन्होंने नए सीजन के जरिए दर्शकों को उनके पसंदीदा किरदारों से दोबारा मिलाने को लेकर उत्साह जताया।

वहीं, TVF के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा कि ‘पंचायत’ अब महज एक वेब सीरीज नहीं, बल्कि दर्शकों से जुड़ी एक खास कहानी बन चुकी है। उन्होंने बताया कि पांचवें सीजन में पुराने किरदारों की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा। इस बार गांव की नई चुनौतियां, बदलते रिश्ते और अप्रत्याशित घटनाएं कहानी को नया मोड़ देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि ‘पंचायत’ भारत की उन चुनिंदा ओटीटी सीरीज में शामिल है, जो पांचवें सीजन तक पहुंची हैं।