#प्रदेश

राष्ट्रीय स्तर पर चमका छत्तीसगढ़, PM स्वनिधि योजना में मिले 5 अवॉर्ड; फास्टेस्ट मूवर्स में देश में नंबर-1

Advertisement Carousel

रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए राज्य को एक साथ पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ को इन सम्मानों से नवाजा।

राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिला। राज्य की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। इसके अलावा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा के नगरीय निकायों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

फास्टेस्ट मूवर्स में छत्तीसगढ़ देश में नंबर-1

नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की मौजूदगी में पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी भी उपस्थित रहे।

बड़े बचेली और दंतेवाड़ा ने भी हासिल किया राष्ट्रीय सम्मान

डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन किया। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में बड़े बचेली नगर पालिका ने देश में पहला और दंतेवाड़ा नगर पालिका ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला।

इन पुरस्कारों के जरिए पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ने, उन्हें संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

CM विष्णुदेव साय ने जताई खुशी

छत्तीसगढ़ को मिली इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। राज्य को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिलना योजना के बेहतर क्रियान्वयन और राज्य में किए जा रहे नवाचारों का परिणाम है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छोटे कारोबारियों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलें।

अरुण साव बोले- नगरीय निकायों की मेहनत का परिणाम

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य को दो श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना और तीन नगरीय निकायों का सम्मानित होना अधिकारियों एवं स्थानीय निकायों के समर्पित प्रयासों का नतीजा है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से सड़क किनारे कारोबार करने वाले छोटे व्यापारियों को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा।

पुरस्कार लेने पहुंचे नगरीय निकायों के प्रतिनिधि

समारोह में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने पुरस्कार ग्रहण किया। वहीं, दंतेवाड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका के अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी अपने-अपने निकायों की ओर से सम्मान लेने पहुंचे।

पीएम स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ में छोटे व्यापारियों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ राज्य ने शहरी आजीविका और छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है।