#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार से लेकर महंगे बिजली बिल तक पर बरसे दीपक बैज, बोले- कुनकुरी में आया 33,710 रुपये का बिल

Advertisement Carousel

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बिजली बिल, नशे के अवैध कारोबार, स्मार्ट मीटर और बस्तर में आदिवासियों के अधिकारों का मुद्दा उठाया। गौरेला प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम जनता महंगी बिजली से परेशान है, युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों पर निजी कंपनियों की नजर है।

कुनकुरी में एक महीने का बिजली बिल 33 हजार से ज्यादा!

बिजली दरों और बढ़ते बिलों को लेकर दीपक बैज ने मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी का उदाहरण दिया। उन्होंने पत्रकारों को एक बिजली बिल दिखाते हुए दावा किया कि एक उपभोक्ता को एक महीने का 33,710 रुपये का बिल थमाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों परिवार बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं। बैज ने छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश में भी स्मार्ट मीटर के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए।

महतारी वंदन योजना पर भी साधा निशाना

महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के दौरान इस योजना को बड़ा मुद्दा बनाकर वोट हासिल किए, लेकिन इसका वास्तविक राजनीतिक फायदा भाजपा को हुआ है। बैज ने योजना के क्रियान्वयन और सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।

प्रदेश में नशे का बढ़ता कारोबार, युवाओं के भविष्य पर चिंता

नशे के अवैध कारोबार को लेकर दीपक बैज ने सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कोरबा के एक हालिया वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में सूखा नशा, अवैध शराब, गांजा, चरस, अफीम और नशीली दवाइयों का कारोबार तेजी से फैल रहा है। उनका आरोप है कि कई इलाकों में नशीले पदार्थों की बिक्री के साथ अवैध खेती भी हो रही है।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों से नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है, लेकिन इसे रोकने के लिए प्रभावी कदम नजर नहीं आ रहे हैं। इस कारोबार की चपेट में प्रदेश के युवा और बच्चे आ रहे हैं। अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।

बस्तर में आदिवासियों के अधिकारों को लेकर सरकार पर हमला

बस्तर के मुद्दे पर बैज ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार और वर्तमान सरकार दोनों को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर निर्दोष आदिवासियों को निशाना बनाया जाता रहा है। फर्जी मुठभेड़ और झूठे मुकदमों के जरिए आदिवासियों की आवाज दबाने की कोशिश हुई है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जांच समितियां गठित कर 1,300 से अधिक निर्दोष आदिवासियों को जेल से रिहा कराया गया था। वहीं, आज भी 25 हजार से अधिक आदिवासियों के खिलाफ कथित फर्जी एफआईआर और वारंट का मुद्दा लंबित है। कांग्रेस इस मामले में संघर्ष कर रही है।

बैलाडीला और कांकेर के खनिज भंडारों को लेकर उठाए सवाल

बस्तर के जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर दीपक बैज ने खनिज संपदा के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि यदि बस्तर से नक्सलवाद खत्म हो जाता है तो वहां के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा की क्या गारंटी होगी?

उन्होंने बैलाडीला के दो और कांकेर के एक लौह अयस्क डिपॉजिट निजी उद्योगपतियों को सौंपे जाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध खनन और बड़े पैमाने पर लकड़ी की चोरी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।

RSS की फंडिंग पर उठाए सवाल

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर भी बैज ने सवाल खड़े किए। उन्होंने संघ के पंजीयन और उसे मिलने वाली फंडिंग के स्रोतों को सार्वजनिक करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के समय संघ पर लगाए गए प्रतिबंध का भी उल्लेख किया। 2029 की राजनीति को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी। कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी बदले की राजनीति नहीं की।

दो साल बाद चुनाव, कांग्रेस की रणनीति तैयार हो रही

कांग्रेस संगठन में बदलाव और आगामी चुनाव की तैयारियों पर दीपक बैज ने कहा कि एआईसीसी की ओर से सचिवों के प्रभार में किए गए बदलाव से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद मिलेगी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में करीब दो साल का समय बाकी है। पार्टी अपनी कार्ययोजना तैयार कर रही है और सही समय आने पर जनता के सामने पूरी रणनीति रखी जाएगी।