#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

Advertisement Carousel

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन में तेज रफ्तार स्कूल बस ने एक बाइक सवार दंपति की जिंदगी छीन ली। महामाया चौक के आगे अमलेश्वर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब दंपति एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा 19 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे हुआ। मृतकों की पहचान ग्राम भुरकुनी निवासी द्रोणाचार्य साहू और उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू के रूप में हुई है। दोनों ग्राम कौही में आयोजित एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे बाइक क्रमांक CG04QN7116 से अपने घर लौट रहे थे।

सामने से आ रही स्कूल बस ने मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि पाटन के महामाया चौक से आगे अमलेश्वर रोड पर सुलभ शौचालय के पास सामने से आ रही स्कूल बस क्रमांक CG04-RC-1135 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल पाटन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने द्रोणाचार्य साहू को मृत घोषित कर दिया।

रायपुर में इलाज के दौरान पत्नी ने भी तोड़ा दम

हादसे में गंभीर रूप से घायल तामेश्वरी साहू की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी दोनों की जान चली गई।

बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज

घटना के बाद पुलिस ने स्कूल बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना से भुरकुनी गांव में शोक का माहौल है।