#राष्ट्रीय

गोल्डी बराड़ पर अमेरिका-कनाडा का शिकंजा, FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल; 9.26 करोड़ का इनाम घोषित

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अमेरिका और कनाडा की जांच एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी है। अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी FBI ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। वहीं, कनाडा ने भी उसे देश के 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में पहले स्थान पर रखा है।

दोनों देशों ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वालों के लिए भारी इनाम की घोषणा की है। FBI ने गोल्डी बराड़ के बारे में जानकारी देने पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 9.26 करोड़ रुपये तक का इनाम रखा है। दूसरी ओर, कनाडा में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक मिल सकते हैं।

FBI ने बताया लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख

अमेरिकी एजेंसी FBI ने 28 सितंबर 2026 को गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया था। वह इस सूची में जगह पाने वाला 543वां भगोड़ा है। FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध नेटवर्क का कथित प्रमुख है। इस गिरोह पर अमेरिका और कनाडा समेत कई देशों में हिंसक आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, गिरोह पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली और हमलों के अलावा मादक पदार्थों तथा हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर आरोप हैं। FBI ने बराड़ को बेहद खतरनाक और हथियारबंद भगोड़ा बताया है।

अमेरिका में इन गंभीर आरोपों का सामना कर रहा गोल्डी

FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिकी संघीय अदालत में संगठित अपराध गिरोह चलाने की साजिश, जबरन वसूली की साजिश और मादक पदार्थों के वितरण से जुड़े षड्यंत्र के आरोप दर्ज हैं।

अमेरिकी जांच एजेंसी ने बताया कि सात जुलाई 2026 को ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए थे। इनमें लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के नेटवर्क से जुड़े सदस्य भी शामिल हैं। FBI का कहना है कि बिश्नोई गिरोह का नेटवर्क कई देशों में फैला हुआ है और अमेरिका में भी उसकी आपराधिक गतिविधियों की जांच की जा रही है।

सुखा दुनेके हत्याकांड में कनाडा को है गोल्डी की तलाश

कनाडा ने भी गोल्डी बराड़ के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। 19 नवंबर को कनाडा के बोलो प्रोग्राम ने देश के 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की नई सूची जारी की थी। इस सूची में गोल्डी बराड़ को पहले स्थान पर रखा गया है।

कनाडा के विनिपेग पुलिस विभाग ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। यह इनाम कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी देने पर मिलेगा। इनाम की घोषणा की समयसीमा दो नवंबर 2027 तक निर्धारित की गई है।

दरअसल, विनिपेग पुलिस को 20 सितंबर 2023 को हुई सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में गोल्डी बराड़ की तलाश है। पुलिस के अनुसार, विनिपेग के हेजलटन ड्राइव इलाके में हुई गोलीबारी में 39 वर्षीय सुखदूल सिंह की मौत हो गई थी। इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करणबीर सिंह के खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।