BJP की राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को बड़ी जगह, ललित चंद्राकर बने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी की नई सूची में छत्तीसगढ़ को भी अहम प्रतिनिधित्व मिला है। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर जारी नियुक्ति सूची तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
ओबीसी मोर्चा में कई नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी
भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और अन्य दायित्वों के लिए नियुक्तियां की गई हैं।
इन्हें बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
नई टीम में सात नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें जोगेन मोहन (असम), ममता मोहंता (ओडिशा), संगम लाल गुप्ता (उत्तर प्रदेश), बबनराव रावजी चौधरी (महाराष्ट्र), सत प्रकाश राणा (दिल्ली), डॉ. अर्जुन साहनी (बिहार) और संगीता बलवंत बिंद (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
तीन नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी
भाजपा ने गजेंद्र यादव (दिल्ली), प्रमोद मध्वराज (कर्नाटक) और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया है।
CM साय और प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई
ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने उन्हें बधाई दी है। दुर्ग ग्रामीण विधायक को मिली इस नई जिम्मेदारी को छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्ति माना जा रहा है।





