विकसित भारत@2047 में आदिवासी ज्ञान परंपरा और मीडिया पर होगी राष्ट्रीय संगोष्ठी, 5 दिसंबर को गढ़चिरौली में जुटेंगे शिक्षाविद

रायपुर। विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आदिवासी ज्ञान परंपरा और मीडिया की भूमिका पर राष्ट्रीय स्तर पर मंथन होगा। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय और गोंडवाना विश्वविद्यालय, गढ़चिरौली के संयुक्त तत्वावधान में 5 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसका विषय ‘विकसित भारत@2047 में आदिवासी ज्ञान परंपरा व मीडिया : संभावनाएं, चुनौतियां और भविष्य की दिशाएं’ रखा गया है।
दोनों विश्वविद्यालयों के बीच हुए एमओयू को धरातल पर उतारने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। केटीयू के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने संगोष्ठी में सहभागिता के लिए शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधिमंडल तैयार करने तथा आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश कुलसचिव को दिए हैं।
दरअसल, गोंडवाना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रशांत बोकारे अपने रायपुर प्रवास के दौरान केटीयू के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल से मिले। इस दौरान दोनों कुलपतियों ने एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन और उसके जरिए शैक्षणिक गतिविधियों को विस्तार देने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के ग्रामीण, जनजातीय एवं वनवासी क्षेत्रों के बीच ज्ञान, विचार और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। दोनों विश्वविद्यालयों की इस साझेदारी से संगोष्ठियों, शोध, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही ग्रामीण पत्रकारिता को नई दिशा देने और आदिवासी ज्ञान परंपराओं को मीडिया के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर डॉ. विद्या बोकारे और श्रीमती लिली दयाल उपस्थित रहीं।




