CG News: रायपुर में नवजातों की खरीद-फरोख्त पर सरकार का बड़ा एक्शन, अस्पताल का लाइसेंस होगा रद्द; डॉक्टरों की डिग्री भी फ्रीज होगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा होने के बाद सरकार सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। इस मामले में दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब राज्य सरकार अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने के साथ ही मामले में शामिल डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज करने की कार्रवाई करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया से चर्चा के दौरान सरकार के अगले कदमों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस गंभीर मामले में दोषियों को ऐसी सजा दिलाई जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ियां भी याद रखेंगी। अस्पताल का लाइसेंस कैंसल किया जाएगा और प्रकरण में संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री भी फ्रीज की जाएगी।
नवजात खरीद-फरोख्त मामले में SIT जांच की मांग पर क्या बोले मंत्री?
कांग्रेस की ओर से पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार एसआईटी जांच कराएगी। इसके अलावा अन्य स्तरों पर भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित अस्पताल की शुरुआत कांग्रेस शासनकाल में हुई थी और उद्घाटन कार्यक्रम में कांग्रेस के मंत्री व विधायक भी शामिल हुए थे। हालांकि, इससे कांग्रेस की संलिप्तता साबित नहीं होती। मंत्री ने साफ किया कि वह किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को इस गंभीर मामले पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
दिसंबर के निकाय चुनाव में सभी सीटों पर BJP की जीत का दावा
राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार और छत्तीसगढ़ में दिसंबर में होने वाले नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। नगरीय निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं।
जायसवाल ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में एक साल पहले हुए नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। कांग्रेस एक भी चुनाव नहीं जीत पाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को मन के लड्डू खाना भूल जाना चाहिए। आगामी चुनाव में सभी नगरीय निकायों में भाजपा की जीत होगी।
बूथ स्तर तक सक्रिय होंगे भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठ
भाजपा के मोर्चा और प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर काम करने के लिए दिए जा रहे टास्क पर मंत्री ने कहा कि पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर मोर्चों का गठन किया गया है। सभी मोर्चों के पदाधिकारी नियमित दौरे कर रहे हैं और संगठन के विस्तार पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी मोर्चे बूथ स्तर तक सक्रिय होकर काम करेंगे।
पटवारी हड़ताल खत्म होने पर कांग्रेस को घेरा
पटवारियों की हड़ताल किन शर्तों पर खत्म हुई, इस पर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। हड़ताल खत्म होने से कांग्रेस को परेशानी हुई होगी, क्योंकि वह चाहती है कि आम जनता परेशान रहे।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को मुख्यमंत्री का धन्यवाद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल किसान हितैषी होने की बात करती है, जबकि सरकार ने किसानों और आम जनता की परेशानी दूर करने की दिशा में कदम उठाया है।




