#प्रदेश

रायपुर नवजात तस्करी मामला: दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस होगा निरस्त! कलेक्टर ने जारी किया 30 दिन का नोटिस, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने गोगांव स्थित दिवाकर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को 30 दिन का नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। आरोप है कि नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए अस्पताल के लेटरहेड, सील और पंजीयन का दुरुपयोग कर फर्जी डिस्चार्ज टिकट और दस्तावेज तैयार किए गए। इस मामले में पुलिस अब तक एक डॉक्टर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, जांच में तस्करी का नेटवर्क आठ राज्यों तक फैले होने की बात सामने आई है।

दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने 30 दिन का नोटिस
कलेक्टर कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में दिवाकर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, बसंत विहार कॉलोनी, गोगांव को गंभीर अनियमितताओं पर अपना पक्ष रखने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है।

नोटिस के मुताबिक, अस्पताल के चिकित्सक डॉ. खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कोरव और अश्वनी शर्मा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है।

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि अस्पताल में प्रसव नहीं होने के बावजूद कुछ नवजात शिशुओं के लिए अस्पताल के लेटरहेड, सील और हस्ताक्षर का कथित दुरुपयोग कर फर्जी मेमो और डिस्चार्ज टिकट तैयार किए गए।

इसके अलावा, बच्चा खरीदने वाले दंपतियों के आधार कार्ड लेकर इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम में आवेदन किए गए और कथित तौर पर अवैध तरीके से जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाए गए।

प्रशासन ने इसे चिकित्सा पेशे की आड़ में मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध में अस्पताल के संसाधनों और पंजीयन के दुरुपयोग का मामला माना है। छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010 और नियम, 2013 के उल्लंघन के आधार पर नर्सिंग होम एक्ट के तहत लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

ऐसे सामने आया नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का मामला
मामले का खुलासा तब हुआ, जब निःशुल्क प्रसव और उपचार का झांसा देकर ओडिशा की एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया गया। आरोप है कि प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने के इरादे से महिला को बच्चे समेत बंधक बना लिया गया।

जानकारी के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान महिला का संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे मुफ्त प्रसव और उपचार का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां पहुंचने पर उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई गई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

आरोप है कि तीनों महिलाओं ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए नवजात शिशु को किसी निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। महिला के इनकार करने पर उसे डराया-धमकाया गया।

प्रसव के बाद नवजात समेत महिला को बनाया बंधक
प्रार्थिया के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद आरोपी उसे नवजात शिशु समेत दोबारा अहिल्या के घर ले गए और बंधक बना लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की अनुमति के बिना नवजात को बेचने का प्रयास भी किया जा रहा था।

महिला की शिकायत पर आजाद चौक थाने में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया।

डॉक्टर समेत अस्पताल के कर्मचारियों की भी गिरफ्तारी
मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को अस्पताल के चिकित्सक डॉ. खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कोरव और अश्वनी शर्मा की कथित संलिप्तता के सबूत मिले। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया।

जांच में खुलासा हुआ कि अस्पताल की सील का इस्तेमाल कर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार किए जाते थे। इन दस्तावेजों के जरिए नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को संचालित करने का आरोप है।

इसके बाद पुलिस ने कृतिका साहू से एक नवजात बच्ची खरीदने के आरोप में जितेंद्र खेतान को भी गिरफ्तार किया। इस तरह मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

आठ राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त का नेटवर्क आठ राज्यों तक फैले होने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल दंपतियों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

वहीं, जिला प्रशासन की ओर से दिवाकर अस्पताल को जारी 30 दिन के नोटिस के बाद अब अस्पताल प्रबंधन के जवाब और लाइसेंस निरस्तीकरण की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।