#प्रदेश

तिरुपति बालाजी को 207 करोड़ का महादान, कारोबारी ने चढ़ाए 121 किलो सोने के आभूषण और हीरे

Advertisement Carousel

तिरुमला। आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित प्रसिद्ध भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में एक श्रद्धालु ने आस्था और भक्ति की अनूठी मिसाल पेश की है। चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने मंदिर में 121 किलो सोने के आभूषण और हीरे दान किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 207.6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसे भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में किसी एक श्रद्धालु की ओर से अब तक का सबसे बड़ा दान बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पूरी हुई दान की प्रक्रिया

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में दान की प्रक्रिया संपन्न हुई। कारोबारी वर्धमान जैन ने व्यापार में मिली सफलता के लिए भगवान वेंकटेश्वर के प्रति आभार जताते हुए यह भेंट अर्पित की। बताया गया कि उन्होंने कारोबार में बड़ी सफलता मिलने पर दान करने की मन्नत मांगी थी। कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने के बाद बड़ी रकम मिलने पर उन्होंने अपनी मन्नत पूरी की।

वर्धमान जैन इससे पहले भी दान को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने एक भक्ति चैनल को पांच करोड़ रुपये और गौ-संरक्षण के लिए एक करोड़ रुपये दान किए थे।

भगवान वेंकटेश्वर को 106 किलो, देवी पद्मावती को 15 किलो के आभूषण

दान में कुल 46 आभूषण शामिल हैं। इनमें से 106 किलो सोने के गहने भगवान वेंकटेश्वर को अर्पित किए गए, जबकि देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को 15 किलो के आभूषण और पोशाक चढ़ाई गई। दान किए गए आभूषणों में सोने के बाघ के नाखून, विभिन्न डिजाइन की चेन, मुकुट, रत्न और कई अन्य बहुमूल्य गहने शामिल हैं।

तिरुमला मंदिर में बाल चढ़ाने की क्या है मान्यता?

तिरुमला मंदिर में बाल अर्पित करने की परंपरा भी सदियों से चली आ रही है। मान्यता है कि श्रद्धालु अपने अहंकार और बुराइयों का त्याग करते हुए भगवान के प्रति समर्पण के प्रतीक के रूप में अपने बाल अर्पित करते हैं। भक्त इसे अपनी मनोकामना पूरी होने पर भगवान के प्रति आभार जताने का एक तरीका भी मानते हैं।