छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक सख्ती: बैठक से गायब 3 जिलाध्यक्षों को नोटिस, सुखदेव भगत ने दिखाई नाराजगी; 15 दिसंबर तक चलेगा वोट रक्षक अभियान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने गुरुवार को राजीव भवन में जिला अध्यक्षों, नगरीय निकाय चुनाव प्रभारियों और पर्यवेक्षकों की अहम बैठक ली। एक घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और सरकार के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा हुई। वहीं बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले तीन जिला अध्यक्षों पर प्रदेश प्रभारी ने नाराजगी जताई और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
15 दिसंबर तक बूथ स्तर पर चलेगा वोट रक्षक अभियान
बैठक में वोट चोरी के खिलाफ चल रहे वोट रक्षक अभियान को 15 दिसंबर तक जारी रखने का फैसला लिया गया। कांग्रेस इस अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी में है। इसके बाद किसानों और बिजली से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में पटवारी हड़ताल, किसानों की समस्याओं और बिजली व्यवस्था समेत आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया।
स्थानीय मुद्दों और प्रत्याशियों की सक्रियता पर होगा फोकस
बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च के तहत जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक स्थिति और उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई है। वोट चोरी के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा भी की गई। नगरीय निकाय चुनाव के पर्यवेक्षकों के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव काफी चुनौतीपूर्ण होते हैं। इनमें स्थानीय मुद्दे और बुनियादी सुविधाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्याशियों के चयन में उनकी सक्रियता और जनता के बीच स्वीकार्यता को ध्यान में रखा जाएगा। फिलहाल चुनावी एजेंडा तय नहीं हुआ है।
भाजपा पर साधा निशाना, लोकतांत्रिक परंपराओं पर उठाए सवाल
सुखदेव भगत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी नीयत साफ नहीं है और उसे लोकतांत्रिक पद्धति एवं परंपराओं पर विश्वास नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात में लोगों का झुकाव कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे आंदोलन करेगी।
बैठक से गायब रहे तीन जिलाध्यक्ष, जारी होगा कारण बताओ नोटिस
कांग्रेस की इस महत्वपूर्ण बैठक में तीन जिला अध्यक्षों की अनुपस्थिति ने संगठन के भीतर सख्ती का संकेत दिया है। बताया गया कि कांकेर के रवि घोष, अंबिकापुर के बालकृष्ण पाठक और रायगढ़ ग्रामीण के नेगी बिना पूर्व सूचना दिए बैठक में शामिल नहीं हुए।
इस पर प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने नाराजगी जताई और तीनों जिला अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संगठन की इस कार्रवाई को चुनाव से पहले अनुशासन और जवाबदेही मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।




