Jharkhand Accident: रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत; रजरप्पा मंदिर जा रही स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कुजू ओपी क्षेत्र के NH-33 रांची-पटना मुख्य मार्ग पर पैंकी गांव के पास स्कॉर्पियो और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है।
रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित जंघारो गांव का एक परिवार स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे।
इसी दौरान रामगढ़ के पैंकी गांव के समीप स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चार महिलाओं, पांच पुरुषों और चार बच्चों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं, पांच पुरुषों और चार मासूम बच्चों समेत कुल 13 लोगों की जान चली गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को रामगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य विवेक कुमार की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। विवेक कुमार निजी स्कूल के संचालक बताए जा रहे हैं।
जिस घर में नई नौकरी मिलने की खुशी में उत्सव का माहौल था, वहां एक ही झटके में खुशियां मातम में बदल गईं।
डीसी और एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और एसडीपीओ आलोक रंजन समेत प्रशासन एवं पुलिस के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो की आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टक्कर होने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
नालंदा से रामगढ़ तक पसरा मातम
इस भीषण हादसे के बाद बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव से लेकर रामगढ़ तक शोक की लहर है। जिस परिवार ने रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना कर खुशियां मनाने की योजना बनाई थी, उसका सफर दर्दनाक हादसे में खत्म हो गया। एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत से हर कोई स्तब्ध है।




