Close

मुख्यमंत्री के संदेश को सुनकर ग्रामीणों ने किया आत्मसात, गोठानों में मनाया गया छत्तीसगढ़ गौरव दिवस

० शासन की संचालित योजनाओं की दी गई जानकारी

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के मौके पर मुख्यमंत्रीभूपेश बघेल द्वारा दिए गए वर्चुअल संदेश को ग्रामीणो, किसानो, समूह की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं के साथ ही अधिकारी कर्मचारियों ने आत्मसात किया। जिले की गोठानो में 17 दिसंबर को राज्य सरकार के 4 साल के कार्यकाल पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के रूप में बड़े ही उत्साहपूर्वक मनाया गया। मालखरौदा विकासखंड में विधायक रामकुमार यादव ने कलमी गोठान में पहुंचकर छत्तीसगढ़ सरकार के 4 साल पूरे होने पर ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाए दी और शासन की योजनाओं से अवगत कराया। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल सदस्य श्रीमती मंजू सिंह, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू ने पोंच गोठान में ग्रामीणों के बीच पहुंचे। नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत सुकली गोठान में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ ज्योति पटेल ने पहुंचकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी।
छत्तीसगढ़ गौरव दिवस 17 दिसंबर 2022 को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल द्वारा राज्य की जनता के नाम संदेश दिया गया। गोठानों में मुख्यमंत्री जी के द्वारा लाइव प्रसारण को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान किसानों, पशुपालकों, भूमिहीन मजदूरों, आमजन तथा हितग्राहियों को शासन की प्रमुख योजनाओं और शासन द्वारा विगत चार वर्षों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हासिल की गई उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। जनपद पंचायत मालखरौदा के कलमी गौठान में गौरव दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में विधायक रामकुमार यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि चार साल में किसानों, ग्रामीणों के साथ ही सरकार ने सभी वर्गों का ख्याल रखा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। इस दौरान जनप्रतिनिधि, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार सहित ग्रामीण मौजूद रहे। जिला पंचायत सीईओ डॉ ज्योति पटेल ने सुकली, पचेड़ा में कहा कि गोठानों में शासन की गोधन न्याय योजना से गोबर की खरीदी की जा रही है, इसके साथ ही आजीविका गतिविधियों के माध्यम से स्व सहायता समूह की महिलाओं को जोड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप रीपा से युवाओं, ग्रामीणों, महिलाओं को जोड़कर उद्यमी बनाया जायेगा। इस मौके पर जिला पंचायत परियोजना अधिकारी बी पी भारद्वाज, जनपद पंचायत सीईओ अनिल कुमार झा सरपंच, सचिव सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।


गांव गांव में गौरव दिवस की गूंज
जिला जांजगीर-चांपा में कलेक्टर तारन सिन्हा के निर्देशन में गांव-गांव में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री जी के छत्तीसगढ़ गौरव दिवस संबोधन कार्यक्रम को लाइव सुना गया। जनपद पंचायत अकलतरा की अमोरा गोठान में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों के साथ, ग्रामीण, किसान महिलाओ ने संदेश को सुना। इसके अलावा ग्राम पंचायत पामगढ़, अफरीद, सरखों, गिधौरी, देवरी, बिरकोनी, कोसमंदा, हरदीविशाल, पंतोरा, पोड़ी, कुदरी, मुड़पार, कोरबी, नवगवा, महुदा ब, जर्वे ब, जर्वे च, बुंदेला, धाराशिव रो, सिवनी च, बछोद, खोहा सहित सभी गोठान में मनाया गया।

गोठान में पढ़कर दी गई योजनाओं की जानकारी
गोठान में राज्य सरकार की महत्व पूर्ण योजनाओं की जानकारी को पढ़कर बताया गया। शासन द्वारा जारी पत्रिका जनमन में दी गई जानकारी को पढ़ा। इसके अलावा गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना सहित ग्रामीण औद्योगिक पार्क रीपा की जानकारी दी गई।

छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के अवसर पर पैरादान अभियान
छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के मौके पर जिले की गोठानों में पैरा दान करते हुए किसानों ने इस अभियान की सार्थकता को सफल बनाया। जनपद पंचायत बलौदा की ग्राम पंचायत पोंच में गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 25 ट्रेक्टर पैरादान किया गया। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल सदस्य श्श्रीमती मंजू सिंह, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, कन्हैया राठौर पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष व रमाकांत साहू सरपंच पोंच जिलाध्यक्ष सरपंच संघ द्वारा किया गया। इस अवसर पर चुन्नीलाल साहू स्वयं ट्रेक्टर चलाते हुए गोठान तक पैरादान को लेकर गए। नवागढ़ जनपद पंचायत की पचेड़ा गोठान में 6 ट्रेक्टर पैरा दान किया गया। बुंदेला में महिलाओं द्वारा 20 ट्रेक्टर पैरा एकत्रित किया गया।

scroll to top