Close

बड़ी खबर : चन्द्रकुमार पटेल बने सरायपाली नगर पालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष

सौरभ सतपथी

सरायपाली। नगरीय प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा नगरपालिका सरायपाली के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में शहर के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद चन्द्रकुमार पटेल को नियुक्त किया गया है। विगत दिनों पूर्व अध्यक्ष अमृत पटेल के विरूद्ध अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद से नपा अध्यक्ष का पद रिक्त था, जिसमें शासन के द्वारा चन्द्रकुमार पटेल को नियुक्त किया गया। ज्ञात हो कि कार्यवाहक अध्यक्ष श्री पटेल पूर्व कार्यकाल में भी अध्यक्ष पद पर आसीन थे। दिसंबर 2019 के नगरीय निकाय चुनाव में नगरपालिका के 15 पार्षदों में से भाजपा के 9, कांग्रेस के 3 तथा 3 निर्दलीय पार्षद विजयी हुए थे। लेकिन जब अध्यक्ष चुनने के लिए पार्षदों के बीच चुनाव हुआ तो 8 पार्षद कांग्रेस के पाले में हो गए और अमृत पटेल को नपा अध्यक्ष चुना गया था।

उनके नपा अध्यक्ष बनने के बाद से ही भाजपा खेमे में असंतोष दिखाई दे रहा था। इसके पश्चात अध्यक्ष के खिलाफ पहला अविश्वास प्रस्ताव जुलाई 2022 में लाया गया था, लेकिन वह पारित नहीं हो सका। इसके बाद वर्तमान दिसंबर माह में एक बार फिर अध्यक्ष के विरूद्ध कुछ भाजपा पार्षदों के द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, जो इस बार पूर्ण बहुमत के साथ पारित हो गया और अमृत पटेल को अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा। इसके बाद से ही चन्द्रकुमार पटेल के पुनः अध्यक्ष बनने की चर्चाएँ जोर-शोर से चल रही थी। अंततः नगरीय प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा आदेश जारी कर चन्द्रकुमार पटेल को आगामी आदेश तक के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

भाजपा पार्षदों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

कार्यवाहक अध्यक्ष चन्द्र कुमार पटेल सहित सभी भाजपा पार्षदों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकत की और उन्हें अध्यक्ष बनाये जाने के लिए उनका आभार प्रकट किया।

scroll to top